
रांची। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताया है। उन्होंने कहा कि राज्य में कोरोनावायरस ने खतरनाक रूप धारण कर लिया है। इस घड़ी में हम सबको मिलकर लड़ना है। कोरोना वायरस का तेजी से प्रसार होने में सरकार की लापरवाही स्पष्ट दिख रही है। सरकार समय पर ना ही कोई फैसला ले पा रही है और ना ही जरूरी स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करा पा रही है। परिजन मरीजों को अस्पताल दर अस्पताल लेकर घूम रहे हैं। कहीं इलाज नहीं हो पा रहा है। यह समय है गंभीरता के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था पर नजर रखने की।
प्रकाश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोरोना के बढ़ते मामलों पर गंभीर है। कोरोना के बढ़ते प्रसार को लेकर पार्टी राहत कार्य चलाएगी। इसके साथ ही बढ़ते मामलों को लेकर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों, सभी जिलों के अध्यक्ष, सांसद और विधायकों की एक ऑनलाइन बैठक शुक्रवार को आहूत की गई है। इसमें कोरोना के बढ़ते मामलों पर पार्टी द्वारा राहत कार्य चलाने को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही पार्टी द्वारा जागरुकता अभियान भी चलाने को लेकर विचार विमर्श किया जाएगा।