

पटना। युवाओं के लिए खुशखबरी। आने वाले दिनों में बिहार में बंपर बहाली होगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को बिहार कैबिनेट की बैठक हुई। इसमें नगर विकास एवं आवास विभाग में 4503 पदों के लिए स्वीकृति दी गई। स्वीकृत वेतनमान वाले 2850 पदों का सृजन किया गया।
साथ ही पशु व मत्स्य संसाधन विभाग में बहाली मत्स्य विकास योजना के तहत 264 मत्स्य प्रसार पदाधिकारियों के पदों पर बहाली का फैसला किया गया। बैठक में अलग-अलग विभागों के लिए कुल 5437 पद सृजित करने का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया।

पंचायत चुनाव के दौरान मौत पर सरकारी कर्मियों के परिवारों को तीस लाख का मुआवजा देने को भी स्वीकृति दी गई। साथ ही तीन जिलों में तीन निवेश को भी मंजूरी दी गई। बिहार कैबिनेट की हुई बैठक में मत्स्य प्रसार पदाधिकारी के पद के सृजन के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई।



