मलोट में किसानों ने भाजपा विधायक को निर्वस्त्र कर पीटा

अन्य राज्य अपराध देश
Spread the love

मलोट/अबोहर। पंजाब के जिला श्री मुक्तसर साहिब में शनिवार दोपहर बैठक के बाद मलोट पार्टी कार्यालय में बैठक करने पहुंचे अबोहर के भाजपा विधायक अरुण नारंग को किसानों ने जमकर पीटा और उन्हें निर्वस्त्र कर दिया। कथित तौर पर उनके मुंह पर कालिख भी पोत दी गई।
जानकारी के अनुसार आज भाजपा की मलोट में पार्टी कार्यालय में बैठक थी। इसकी सूचना किसानों को लग गई। इस पर काफी संख्या में किसान वहां पर पहुंच गए और उन्होंने अबोहर के भाजपा विधायक अरुण नारंग और अन्य नेताओं पर हमला बोल दिया। किसानों ने विधायक को खूब पीटा और उनके कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया। उनके मुंह पर कालिख पोतने की भी बात कही जा रही है। अन्य भाजपा नेताओं को भी पीटा गया। हालांकि वहां पर पुलिस का बंदोबस्त भी था लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर सकी। बताते हैं कि पुलिस की संख्या से कहीं ज्यादा किसान थे। इसके कारण पुलिस उन्हें नियंत्रित नहीं कर पाई। 

अबोहर से भाजपा विधायक अरुण नारंग हैं जबकि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी अबोहर से हैं और नारंग ने जाखड़ को हराकर अबोहर सीट जीती थी। भाजपा की तरफ से विधायक नारंग की ड्यूटी जिला श्री मुक्तसर साहिब में लगाई गई थी। भाजपा नेता श्री मुक्तसर साहिब से बैठक करने के बाद मलोट पहुंचे थे। उनके साथ जिला, ब्लाक अध्यक्ष और कुछ अन्य भाजपा नेता भी साथ थे। मलोट में भाजपा कार्यालय में अभी वे लोग पहुंचे ही थे कि करीब 200 किसान वहां आ गए और उन्होंने भाजपा नेताओं का जमकर विरोध शुरू कर दिया। किसानों में से कुछ ने विधायक और अन्य नेताओं को घेर लिया और उन पर हमला कर दिया। विधायक नारंग ने बातचीत में इस बात की पुष्टि की कि किसानों ने उन्हें नीचे गिरा दिया। उनके कपडे़ फाड़ दिए और उनके साथ मारपीट की। बताते हैं कि किसानों के उनके कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया। 

मौके पर एसपी (मुख्यालय) भी थे लेकिन स्थिति को देखते हुए पुलिस कुछ न कर पाई। पुलिस ने विधायक और अन्य नेताओं को बमुश्किल से किसानों के बीच से निकालकर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। इस मामले में  एसपी (मुख्यालय) गुरमेल सिंह धालीवाल से संपर्क किया गया तो उन्होंने बतायाकि कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि हमलावरों में से कुछ लोगों की पहचान हो गई है और शेष की पहचान करने के प्रयास में पुलिस लगी हुई है।