
रांची। झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सरला बिरला विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करते ‘क्रिएटिविटी कार्निवल 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें एक हजार से भी अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी पांच सौ से भी ज्यादा परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, नए विचारों और तकनीकी ज्ञान को प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर हासिल हुआ।
प्रदर्शनी में रास्पबेरी पाई से चलने वाले रोबोट, वाई-फाई से नियंत्रित होने वाली कार और आवाज के निर्देशों पर काम करने वाली मशीनें आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा स्मार्ट बिजली मीटर, सेंसर से चलने वाली स्ट्रीट लाइट तथा हाइड्रोलिक और न्यूमैटिक क्लच जैसे कई मॉडल भी प्रदर्शित किए गए।
विद्यार्थियों ने अपनी परियोजनाओं के माध्यम से कक्षा में सीखी गई बातों का उपयोग वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में करने के प्रयासों को जीवंत किया। एक परियोजना में पाइप के मोड़ पर पानी और अन्य तरल पदार्थों के बेहतर मिश्रण की प्रक्रिया को समझाया गया। वहीं, गणित विभाग के विद्यार्थियों ने ‘मैथमेटिक्स : इमेजिन, इनोवेट एंड अप्लाई’ विषय के तहत गणित के व्यावहारिक उपयोग को प्रस्तुत किया। झारखंड के आम लोगों के रोजमर्रा के जीवन को बेहतर बनाने में सहयोगी साधनों का भी नवाचार के माध्यम से प्रदर्शन किया गया।
इस आयोजन में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग, सिविल एंड एनवायरनमेंटल इंजीनियरिंग, गणित, फार्मेसी, अंग्रेजी, विधि, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, प्रबंधन, ललित कला और योग सहित विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और सभी संकायों के डीन ने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी परियोजनाओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही, विद्यार्थियों को अपने विचारों को और बेहतर बनाने तथा भविष्य में उन्हें खासकर झारखंड के विकास में उपयोगी परियोजनाओं के रूप में विकसित करने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रत्येक सहभागी विभाग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के नामों की घोषणा की गई। इन पुरस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों की मेहनत, रचनात्मकता और नए विचारों को प्रोत्साहित किया गया।
क्रिएटिविटी कार्निवल 2026 के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, नए प्रयोग करने और व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के इस प्रयास की विवि के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने सराहना की है।

