- अवैध खनन को लेकर चेकपोस्ट की निगरानी होगी मजबूत
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। जिले में अवैध खनन, बालू के अवैध परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने को लेकर सोमवार को उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जायेगी। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
बैठक में जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध की गयी कार्रवाई, दर्ज प्राथमिकी, जब्त वाहनों, जुर्माना वसूली और चेकपोस्ट की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की गयी। उपायुक्त ने कहा कि खनन से संबंधित सभी गतिविधियां निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) एवं नियमों के अनुरूप ही संचालित होनी चाहिए। सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों में शामिल वाहनों को जब्त किया जाये और नियमानुसार जुर्माना वसूला जाये।
खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए स्थापित चेकपोस्टों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी चेकपोस्टों पर सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने तथा कैमरे, बैटरी और डिस्प्ले से जुड़ी तकनीकी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने तीनों अनुमंडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने को कहा।
बैठक में वन क्षेत्रों में पेड़ों की कटाई कर बालू का अवैध भंडारण किये जाने से संबंधित मामलों पर भी चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को वन क्षेत्रों में औचक निरीक्षण करने और अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। साथ ही बालू घाटों के संचालन, खनन योजना और तकनीकी प्रक्रियाओं से संबंधित लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने को कहा।
जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव ने खनन से जुड़े लोगों से नियमानुसार चालान लेने और आवश्यक लाइसेंस प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ईंट-भट्ठों सहित खनन से संबंधित सभी गतिविधियों में निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। आवश्यक दस्तावेज नहीं रखने पर आर्थिक दंड का सामना करना पड़ सकता है।
बैठक में पुलिस उपाधीक्षक यशोधरा, अपर समाहर्ता विकास कुमार राय, जिला खनन पदाधिकारी राजेंद्र उरांव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। वहीं, सभी थाना प्रभारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े थे।
हमारे साथ जुड़ें
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

