
विश्वजीत कुमार रंजन
गढ़वा। मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेलखंड पर यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। मझिआंव प्रखंड की पुरहे पंचायत के दवनकरा गांव में रेलवे लाइन के किनारे मेराल-भवनाथपुर-चोपन रेल चलाओ संघर्ष समिति के बैनर तले ग्रामीणों की बैठक हुई।
इसमें मझिआंव, मेराल, बिशुनपुरा और भवनाथपुर प्रखंड के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में रेल मंत्री के नाम मांग पत्र भेजकर रेलखंड पर यात्री ट्रेन का परिचालन शुरू कराने की मांग की गयी।
बैठक में दवनकरा, पुरहे, कदमा, बिशुनपुरा, मेराल, भवनाथपुर, सोनडीहा और सलाईबनवा सहित आसपास के गांवों के ग्रामीणों ने यात्री रेल सेवा शुरू कराने की मांग उठायी।
ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में रेल सेवा बहाल होने से छात्रों, मजदूरों, किसानों, मरीजों और छोटे कारोबारियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में लोगों को गढ़वा, रांची, डालटनगंज, चोपन और वाराणसी सहित अन्य स्थानों की यात्रा के लिए मुख्य रूप से सड़क मार्ग पर निर्भर रहना पड़ता है।
ग्रामीणों ने बताया कि मेराल से भवनाथपुर तक करीब 35 किलोमीटर का रेलखंड पहले से मौजूद है। उनके अनुसार, पूर्व में इस रेलखंड का इस्तेमाल माल ढुलाई के लिए किया जाता रहा है, लेकिन वर्तमान में परिचालन बंद है।
ग्रामीणों ने उपलब्ध रेल ढांचे का उपयोग करते हुए यात्री सेवा शुरू करने की संभावनाओं पर रेलवे से विचार करने की मांग की। साथ ही मेराल-भवनाथपुर रेलखंड को आगे चोपन से जोड़ने की दिशा में पहल करने की भी मांग की गयी।
ग्रामीणों ने कहा कि रेल सेवा बहाल होने से क्षेत्र में आवागमन के साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है। बैठक में भवनाथपुर क्षेत्र के खनन, रेहला के औद्योगिक क्षेत्र और सलाईबनवा क्षेत्र से जुड़े कारोबार को रेल सुविधा मिलने से संभावित लाभ पर भी चर्चा हुई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 15 दिनों के भीतर रेल मंत्रालय की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक किया जाएगा। इसके तहत रेलवे ट्रैक के किनारे शांतिपूर्ण धरना, प्रखंड मुख्यालयों पर प्रदर्शन एवं सांसद और विधायकों को ज्ञापन सौंपने जैसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही गयी।
बैठक की अध्यक्षता संघर्ष समिति के संयोजक सतीश कुमार यादव ने की। आयोजन कुंदन विश्वकर्मा ने किया। मौके पर बिशुनपुरा सांसद प्रतिनिधि अवध बिहारी गुप्ता, बिशुनपुरा रेल चलाओ कमेटी के अध्यक्ष नवल गुप्ता और भवनाथपुर कमेटी के सचिव राजमोहन यादव सहित कई लोग मौजूद थे।
बैठक में सुरेंद्र यादव, ददई पासवान, श्रीराम रवि, सुमेर विश्वकर्मा, नवल विश्वकर्मा, प्रियरंजन विश्वकर्मा, महेंद्र सिंह, अखिलेश पासवान, लक्ष्मण पासवान, अयोध्या पासवान, नीरज दुबे, सुरेश पासवान, भुनेश्वर पासवान, मंटू यादव, गोबिंद पासवान, दिलीप विश्वकर्मा, भोला विश्वकर्मा और विद्यानंद यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
हमारे साथ जुड़ें
व्हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X, स्वदेशी एप arattai सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

