- सीएम हेमंत सोरेन ने जागरुकता रथ को किया रवाना
रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड विधानसभा परिसर से राज्यस्तर पर चलने वाले ‘अपनी सुरक्षा अपने हाथ’ जागरुकता अभियान का शुभारंभ 22 मार्च को किया। जागरुकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह अभियान 22 मार्च से 25 मार्च 2021 तक राज्य के 14,500 स्कूलों में चलाया जाएगा। इसके तहत स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों को साफ-सफाई, मध्याह्न भोजन और शौचालय प्रबंधन एवं स्वच्छता से संबंधित सभी पहलुओं पर व्यापक रूप से जानकारी दी जाएगी। उन्हें जागरूक किया जाएगा। जागरुकता रथ के माध्यम से बच्चों को सरकार द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों एवं गतिविधियों के विषय में बताया जाएगा।
बच्चों को शारीरिक दूरी का पालन, फेस मास्क का निरंतर उपयोग, समय-समय पर साबुन से हाथ धोने के फायदे से संबंधित पूरी जानकारी दी जाएगी। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और यूनिसेफ झारखंड के संयुक्त प्रयास से राज्यस्तरीय यह अभियान व्यापक रूप से चलाया जा रहा है। मौके पर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राहुल शर्मा, यूनिसेफ झारखंड राज्य प्रमुख प्रशांत दास सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।