कांडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण, बि‍ना सूचना के गायब मिले डॉक्‍टर

झारखंड सेहत
Spread the love

  • चिकित्सीय लापरवाही मामले में उपायुक्त की बड़ी कार्रवाई

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा ने कांडी प्रखंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण शनिवार को किया। वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के ओपीडी सहित विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गोविन्द प्रसाद सेठ को अस्पताल में सभी आवश्यक एवं मूलभूत सुविधाओं की सुदृढ़ व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध चिकित्सा सेवा उपलब्ध होनी चाहिए, ताकि आमजन बेहतर उपचार के लिए सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों पर विश्वास कर सकें।

उपायुक्त ने अस्पताल की उपस्थिति पंजी, स्टॉक रजिस्टर एवं अन्य अभिलेखों की भी गहन जांच की। जांच के दौरान कुछ चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अनुपस्थित डॉक्टरों एवं कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगने और आवश्यक विभागीय कार्रवाई करने का निर्देश प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को दिया।

उपायुक्त ने स्पष्ट रूप से कहा कि सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी निर्धारित ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। किसी भी स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक अथवा कर्मी की अनधिकृत अनुपस्थिति पाए जाने पर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उपायुक्त के समक्ष चिकित्सकों की संख्या बढ़ाने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सहियाओं एवं फील्ड वर्कर के माध्यम से कांडी प्रखंड की सभी पंचायतों में व्यापक जनजागरुकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकें। स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

उपायुक्त ने कहा कि सहियाओं एवं फील्ड वर्कर द्वारा गांव-गांव में किए जाने वाले प्रचार-प्रसार एवं जागरुकता अभियान से लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सही जानकारी मिलेगी, वे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक होंगे तथा समय पर उचित चिकित्सा परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि जागरूकता बढ़ने से लोग अपरिपक्व (झोलाछाप) चिकित्सकों के पास जाने से बचेंगे, जिन्हें चिकित्सा विज्ञान का समुचित ज्ञान नहीं होता है और जिनके द्वारा किया गया उपचार कई बार गंभीर स्वास्थ्य जोखिम उत्पन्न कर सकता है।

उपायुक्त ने पिछले दिनों चिकित्सीय उपचार में कथित लापरवाही के कारण हुई एक मरीज की मृत्यु के मामले में मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी राकेश कुमार सहाय द्वारा जिला प्रशासन की ओर से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए उपायुक्त ने संबंधित थाना प्रभारी को प्राथमिकी के आलोक में संबंधित दवा दुकान संचालक एवं चिकित्सक के विरुद्ध आवश्यक एवं कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने और गिरफ्तारी की दिशा में त्वरित कदम उठाने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने संबंधित दवा दुकान का भी निरीक्षण किया तथा दुकानदार से बातचीत की। उन्होंने निर्देश दिया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक दुकान बंद रखी जाए। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि उक्त स्थल पर किसी भी प्रकार की दवा बिक्री, चिकित्सकीय परामर्श अथवा उपचार कार्य नहीं किया जाए। निर्देशों की अवहेलना करने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ. केनेडी सहित स्वास्थ्य विभाग एवं प्रशासन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X, स्‍वदेशी एप arattai सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ जुड़ें

व्‍हाट्सएप ग्रुप
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK
स्‍वदेशी एप ग्रुप
https://chat.arattai.in/groups/t43545f313238383036363337343930333731343936395f32303030323937303330392d47437c3031303131353032363138323137353934323036313934393230

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *