नंदीग्राम में केंद्रीय मंत्री की रैली में हमला, कार्यकर्ता के सिर में आई चोट

अन्य राज्य देश मुख्य समाचार
Spread the love

कोलकाता। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के बाद एक और केंद्रीय मंत्री की रैली में हमला किया गया है। इस हमले में नंदीग्राम-1 दक्षिण मंडल के युवा मोर्चा अध्यक्ष का सिर फट गया है। भाजपा ने हमले के लिए तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया है।

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के अंतर्गत नंदीग्राम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की रैली में हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमला किया। हमले में एक भाजपा कार्यकर्ता बुरी तरह जख्मी हुआ।

नंदीग्राम-1 दक्षिण मंडल के युवा मोर्चा अध्यक्ष पूरन चन्द्र पात्रो का सिर फटा। जानकारी के अनुसार धर्मेंद्र प्रधान की यह चुनावी रैली नंदीग्राम के सोनचुरा में हो रही थी। इस दौरान रैली पर हमला हुआ।

जख्मी कार्यकर्ता को केंद्रीय मंत्री ने हॉस्पिटल पहुंचाया। इसके साथ ही चुनाव आयोग को पूरे मामले की जानकारी देकर हिंसा रोकने की मांग की गई। धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि अर्धसैनिक बलों की संख्या बढ़ाकर निष्पक्ष चुनाव कराए जाने की मांग करेंगे।

बतातें चलें कि पिछले मंगलवार को पुरुलिया जिले के मानबाजार विधानसभा क्षेत्र के श्यामपुर गांव में बिरसा मुंडा,सिदो कान्हू रथ पर टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया था। इस रथ पर केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, मान बाजार की भाजपा प्रत्याशी श्रीमती गौरी सिंह सरदार एवं बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल सारंगी सवार थे। इस हमले में रथ को काफी नुकसान पहुंचा था।