छापेमारी में मिली 150 किलो मिलावटी मिठाई

झारखंड
Spread the love

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। आगामी त्योहारों को देखते हुए जिला प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। इस कड़ी में बुधवार को उपायुक्त के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दीपश्री के नेतृत्व में शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

इस दौरान मेन रोड, बस स्टैंड सहित अन्य इलाकों में कई दुकानों और होटलों का निरीक्षण किया गया। जांच के क्रम में मनीष प्लास्टिक के गोदाम से बिहार के औरंगाबाद से लाया गया करीब 150 किलो मिलावटी रसगुल्ला, बर्फी व अन्य मिठाइयां बरामद की गईं।

अधिकारियों ने मिठाइयों का नमूना संग्रहित करते हुए शेष सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। बताया गया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मेन रोड स्थित विजय स्वीट्स पर भी कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने बताया कि कई बार निर्देश दिए जाने के बावजूद प्रतिष्ठान बिना खाद्य लाइसेंस के संचालित हो रहा था। इसे गंभीरता से लेते हुए दुकान को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया।

टीम ने बस स्टैंड क्षेत्र के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की और वहां से नमूने लिए। सभी दुकानदारों को सख्त निर्देश दिया गया कि मिलावटी खाद्य सामग्री की बिक्री किसी भी स्थिति में ना करें। यदि ऐसा करते हुए पाए गए, तो उनके खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा विभाग के संतोष कुमार, विवेक तिवारी सहित पुलिस प्रशासन की टीम भी शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *