काठमांडू। नेपाल दुखद खबर सामने आई है, सोमवार तड़के एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पोखरा से काठमांडू जा रही एक बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में जा गिरी।
इस दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। हाईवे रेस्क्यू मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार थाकुरी ने कहा कि हादसे में 25 घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा रात करीब 1:15 बजे बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड संख्या 3 में चिनाधारा, चारौंदी के पास हुआ।
बस का नंबर GA 1 KHA 1421 है। यह बेनीघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका-5 के भैंसीगौड़ा इलाके में पृथ्वी हाईवे से फिसलकर त्रिशूली नदी में जा गिरी।
नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स के प्रवक्ता बिष्णु प्रसाद भट्टा ने बताया कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बड़ी संख्या में जवान मौके पर मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है।
बचाव अभियान में नेपाली सेना, आर्म्ड पुलिस फोर्स, नेपाल पुलिस और स्थानीय लोग जुटे हुए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक, अधिकारियों का कहना है कि नदी में पानी का तेज बहाव और रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, हालांकि अभियान लगातार जारी है।
बताते चलें कि, नेपाल जैसे पहाड़ी देश में सड़क दुर्घटनाएं आम हैं। इसकी प्रमुख वजहें कमजोर बुनियादी ढांचा, पुराने वाहन और दुर्गम व खतरनाक भौगोलिक परिस्थितियां मानी जाती हैं।
बचावकर्मी मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि घायलों को इलाज के लिए नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।
हादसे के कारणों का फिलहाल तुरंत पता नहीं चल सका है। धादिंग के जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के प्रमुख शिशिर थापा ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है।
फिलहाल राहत कार्य जारी है और हादसे से जुड़ी और जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।


