जमशेदपुर। मानव सेवा की मिसाल बन चुकी हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन ने जमशेदपुर में बुजुर्गों के लिए अपना 500वां अन्न वितरण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया।
यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि वर्षों से निरंतर चल रही करुणा, समर्पण और संवेदनशील सेवा की प्रेरक कहानी है। इस अभियान के माध्यम से सैकड़ों असहाय एवं ज़रूरतमंद बुजुर्गों को सम्मान के साथ पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम के अवसर पर संस्था के संस्थापक प्रवीण श्रीवास्तव ने इस महत्वपूर्ण पड़ाव का श्रेय संस्था के सभी सदस्यों, स्वयंसेवकों, समर्थकों और जिला प्रशासन को देते हुए कहा कि यह सफलता सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने बताया कि हेल्पिंग हैंड्स फाउंडेशन बुज़ुर्गों के लिए आश्रय गृह, एल्डर केयर सेंटर, ऑनलाइन फ्रॉड जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर, जेरियाट्रिक जागरूकता सत्र तथा वेलनेस कार्यक्रम जैसी कई जनकल्याणकारी चीजें पहले से निरंतर संचालित कर रही है।
संस्था का उद्देश्य है-हर बुजुर्ग तक सम्मान, सुरक्षा और सहारा पहुंचाना।


