
रांची। झारखंड राज्य किसान सभा के सदस्य 18 मार्च को विधानसभा के समक्ष प्रदर्शन करेंगे। झारखंड राज्य किसान सभा के पदधारियों की रांची के विश्वकर्मा मंदिर स्थित राज्य कार्यालय में हुई बैठक में हुआ। इसमें अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त सचिव नंदकिशोर शुक्ला उपस्थित थे। उन्होंने कहा किसान आंदोलन, कृषि कानून की वापसी तक जारी रहेगा। 11वीं दौर की वार्ता के बाद सरकार के डेढ़ साल कानून को स्थगित करने के प्रस्ताव को किसानों ने खारिज कर दिया है। हम कानून के वापसी से कम कोई भी समझौता स्वीकार नहीं करेंगे।
बैठक में मार्च-अप्रैल में राज्य के प्रखंड, जिलों में किसान महापंचायत करने, 17 मई को राज्य स्तरीय किसान महापंचायत मोरहाबादी मैदान में करने और 18 मार्च को झारखंड विधानसभा के समक्ष कृषि कानून, भूमि बैंक, मास्टर प्लान के खिलाफ किसान प्रदर्शन का निर्णय लिया गया। 15 मार्च को निजीकरण विरोधी प्रदर्शन किया जाएगा।
मौके पर 23 मार्च को भगत सिंह, सुखदेव, राजगुरु की शहादत दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। बैठक में महासचिव सुरजीत सिन्हा, उपाध्यक्ष सुफल महतो, प्रफुल्ल लिंडा, कोषाध्यक्ष बिरेंद्र कुमार, संयुक्त सचिव श्यामसुंदर महतो, विश्व देव सिंह मुंडा, मधुवा कच्छप, मोहन उरांव उपस्थित थे। अध्यक्षता प्रफुल्ल लिंडा ने की।