सेल सैटेलाइट दुर्गा पूजा में प्रतिदिन होंगे आकर्षक अनुष्ठान

झारखंड धर्म/अध्यात्म
Spread the love

रांची। सेल सैटेलाइट टाउनशिप में श्री दुर्गा पूजा आयोजन समिति इस वर्ष 34वें दुर्गा पूजा महोत्सव का आयोजन 28 सितंबर से 2 अक्टूबर, 2025 तक कर रहा है। इस दौरान प्रतिदिन विभिन्न अनुष्ठान संपन्न होंगे, जिनमें प्रातःकालीन और सायंकालीन पूजा, आरती एवं भोग वितरण प्रमुख रहेंगे।

इस बार देवी का आगमन हाथी पर और गमन पालकी में होगा। पूजा का प्रारंभ महाषष्ठी तिथि को प्रातः 9 बजे कल्पारम्भ से होगा। नवपत्रिका प्रवेश, महाभोग, पुष्पांजलि, चंडी पाठ, संध्या आरती जैसे दैनिक अनुष्ठान निर्धारित समय पर संपन्न होंगे।

संधि पूजा 30 सितंबर को अपरान्ह 1:21 बजे से होगी। विजयदशमी 2 अक्टूबर को पूजा, सिंदूर दान, मूर्ति विसर्जन और शांति जल के साथ धूमधाम से मनाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल को सुंदर फूलों और आकर्षक दीप सज्जा से सजाया जाएगा।

शुभारंभ दिवस पर 28 सितंबर को शाम 6:30 से उद्घाटन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सप्तमी को बच्चों की चित्रांकन और महिलाओं की अल्पना प्रतियोगिता होगी, जबकि शाम को ग्रुप डांस एवं पुरस्कार वितरण होंगे।

अष्टमी को एथनिक ड्रेस प्रतियोगिता, ग्रुप डांस और महिलाओं के लिए खेल आयोजित होंगे। नवमी को फैंसी ड्रेस, धुनुची नृत्य और भजन संध्या का आयोजन है। कार्यक्रम स्थल रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट से सुसज्जित रहेगा। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इस वर्ष की दुर्गा पूजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल कुमार मिस्त्री, महासचिव आनंद त्रिवेदी और मिथिलेश कुमार सिंह एवं कोषाध्यक्ष बसंत साहू हैं। इनके अलावा कमेटी में सोमनाथ कुमार, बबलू घोष, मजूमदार जी, अवधेश प्रसाद, आलोक मिश्रा, मनोज कुमार सिंह, अभिषेक कुमार,अनिकेत आनंद,राम किशन, मिलिंद वर्मा, प्रवीण कुमार, मनीष माधव, माणिक लोहार, अजय प्रसाद, संजीव कुमार, बिष्णु कुमार दास, सचिन कुमार, सुशील कुमार, राम रंजन चौधरी, अमित मिश्रा, सिबाशीष मुखर्जी, श्री प्रकाश एवं रविंद्र प्रसाद दुबे की भी विशेष भागीदारी है।

विभिन्न प्रकार की आकृतियों सुसज्जित पूजा पंडाल को रंगीन कपड़ों के माध्यम से आकर्षक स्वरूप दिया जा रहा है। पूजा पंडाल की ऊंचाई 40 फीट एवं चौड़ाई 55 फीट है। गोलाकार प्रवेश द्वार पर सभी ओर नक्काशीदार सजावट की जा रही है। मुख्य द्वार के ऊपर मां दुर्गा का मनमोहक स्वरूप आगंतुकों को आशीर्वाद देने के साथ आध्यात्मिकता का एहसास कराएगा।

गर्भगृह में मां दुर्गा की 14 फ़ीट विशाल प्रतिमा के अनुरूप विभिन्न चित्रों एवं रंगों से साज-सज्जा का काम जोर शोर से चल रहा है। ब्रह्मा, विष्णु, महेश की त्रिमूर्ति के साथ माता अपने भक्तों को त्रिलोक में दर्शन देंगी। रांची के प्रसिद्द मूर्तिकार अजय कुमार पाल द्वारा विशिष्ट 3डी प्रिंटिंग विधि से मां दुर्गा की मूर्ति बनाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *