सीएम हेमंत ने कर्मियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बेहतर नागरिक सुविधा को लेकर कही ये बात

झारखंड
Spread the love

रांची। गुरुवार को राजधानी रांची में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग के अंतर्गत विभिन्न पदों पर भर्ती कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य में नियुक्तियों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

सीएम हेमंत ने नवनियुक्त कर्मियों को बधाई देते हुए उनसे राज्य की बेहतरी के लिए पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान भी किया।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं और सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें नई नियुक्तियां अहम भूमिका निभाएंगी।

झारखंड मंत्रालय में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत सोरेन ने कहा कि गांवों से शहरों की ओर आबादी का पलायन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे नगरों का आकार और जनसंख्या लगातार बढ़ रही है।

ऐसे में शहरों का व्यवस्थित और योजनाबद्ध विकास आवश्यक है, अन्यथा अव्यवस्थित विस्तार कई तरह की जटिल समस्याएं खड़ी करेगा। मुख्यमंत्री श्री सोरेन ने अधिकारियों और कर्मचारियों से आग्रह किया कि वे योजनाबद्ध ढंग से शहरी विकास को आगे बढ़ाएं, ताकि नागरिक सुविधाएं बेहतर की जा सकें।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने झारखंड पर्यटन और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के लोगो और आधिकारिक वेबसाइट की भी शुरुआत की।

उन्होंने कहा कि झारखंड की सामाजिक-सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को राष्ट्रीय और वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने से न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि सरकार राज्य के पर्यटन स्थलों को आकर्षक बनाने और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कदम उठा रही है।

पर्यटन से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और ग्रामीण इलाकों में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी। उन्होंने इसे राज्य की दीर्घकालिक आर्थिक रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़ेंhttps://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK