मुंबई। एंटी टेररिस्ट स्कॉड (एटीएस) ने रविवार को मनसुख हिरेन की मौत के मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली जिलेटिन भरी कार के मालिक मनसुख हिरेन का शव शुक्रवार को मुंब्रा स्थित रेतीबंदर की खाड़ी मे मिला था। शनिवार को शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
सूत्रों के अनुसार रविवार को एटीएस के उपायुक्त राजकुमार शिंदे खुद मृतक मनसुख हिरेन के घर गए थे। यहां विमला मनसुख हिरेन एवं अन्य परिवार के लोगों से शिंदे ने तकरीबन 4 घंटे तक पूछताछ की। इसके बाद विमला के बयान के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार मनसुख हिरेन मुकेश अंबानी के घर के पास मिली जिलेटिन से भरी कार के मालिक थे और मामले के मुख्य गवाह भी थे। इसलिए शुक्रवार को मनसुख का शव बरामद होने के बाद विपक्ष ने विधानसभा में यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया था जिसके बाद गृह मंत्री अनिल देशमुख ने मामले की जांच एटीएस को सौंप दिया था।