Jharkhand: दो महिलाओं की हत्या, मचा हड़कंप

अपराध झारखंड
Spread the love

गिरिडीह। बड़ी खबर झारखंड के गिरिडीह जिले से आई है, जहां गावां थाना क्षेत्र में दो महिलाओं की बेदर्दी से हत्या कर दी गयी।

बीते गुरुवार से लापता दो महिलाओं के शव सोमवार देर शाम गोलगो पहाड़ी जंगल से बरामद किए गए। इनकी हत्या के आरोप में पुलिस ने इसी थाना क्षेत्र के खरसान गांव निवासी श्रीकांत चौधरी को गिरफ्तार किया है। फिलहाल पुलिस इससे पूछताछ कर रही है।

इस घटना के विरोध में मंगलवार को मृतक महिलाओं के परिजन और सैकड़ों ग्रामीण थाने के समक्ष प्रदर्शन कर रहे हैं। जिन महिलाओं के शव जंगल से बरामद किए गए हैं, उनमें नीमाडीह गांव निवासी 23 वर्षीया सोनी देवी और 31 वर्षीय रिंकू देवी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों की हत्या गला दबाकर की गई है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं।

पुलिस की जांच में इस वारदात के पीछे अब तक जो कहानी सामने आई है, उसके अनुसार सोनी देवी शादीशुदा है, लेकिन उसका खरसान गांव निवासी श्रीकांत चौधरी के साथ प्रेम संबंध था। इसे लेकर दो वर्ष पहले विवाद हुआ था और इस सिलसिले में गांव में एक पंचायत भी बुलाई गई थी।

पंचायत ने प्रेम संबंध को नाजायज ठहराते हुए श्रीकांत पर 1.70 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। हालांकि, इसके बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। सोनी देवी के परिजनों का कहना है कि कुछ समय पहले श्रीकांत ने धमकी दी थी।

उसने कहा था कि यदि सोनी ने उससे बातचीत बंद की, तो वह उसकी हत्या कर देगा। गुरुवार को सोनी देवी पड़ोस की रिंकू देवी के साथ जंगल में पत्ता तोड़ने गई थी। इसके बाद से दोनों लापता हो गईं। दो दिन बाद सोनी की मां ने गावां थाना में गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया।

उन्होंने श्रीकांत पर हत्या की आशंका जताई और बेटी का मोबाइल फोन पुलिस को सौंपा। मोबाइल कॉल डिटेल खंगालने पर पुलिस को सुराग मिला। श्रीकांत को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने दोनों महिलाओं की हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर नीमाडीह गांव से करीब चार किलोमीटर दूर गोलगो पहाड़ी जंगल से दोनों शव बरामद किए।

थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। इसके विरोध में थाने पर प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद महिलाओं की खोजबीन में लापरवाही की और पैसे की मांग की थी। उग्र भीड़ आरोपी को हवाले करने की मांग कर रही है। हालात को नियंत्रित करने के लिए थाने में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़ेंhttps://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK