अन्नराज डैम को घोषित किया गया ‘नो स्विमिंग जोन’

झारखंड
Spread the love

  • मत्स्य विभाग एवं लघु सिंचाई विभाग प्रतिबंध का करवायेंगे अनुपालन

विश्वजीत कुमार रंजन

गढ़वा। अन्नराज डैम में सहीजना के किशोर युवक के डूबने के बाद सदर एसडीएम संजय कुमार ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। शव बाहर आने पर उन्होंने स्वयं घटनास्थल का दौरा किया। परिजनों को ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी एवं लघु सिंचाई विभाग के कार्यपालक अभियंता से कहा कि जब हर वर्ष यहां इस प्रकार की घटनाएं होती है, तब एहतियातन प्रबंध/ उपाय क्यों नहीं किये।

डैम स्विमिंग पूल नहीं

एसडीएम ने कहा कि यह डैम कोई स्विमिंग पूल नहीं है। इसलिए इसमें किसी प्रकार की तैराकी या स्नान करना अब से प्रतिबंधित रहेगा। इतने गहरे जलाशय में उतरने से अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। इसलिए मत्स्यजीवी समितियों के कुशल तैराक/गोताखोरों के अलावा इस जलाशय में किसी के प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी। जो पर्यटक या दूसरे इलाकों से लोग वहां घूमने आते हैं, उनको स्विमिंग जैसी गतिविधियों की अनुमति नहीं होगी।

चेतावनी बोर्ड लगाएं

एसडीएम ने कहा कि यह जलाशय लघु सिंचाई विभाग की संपत्ति है। इसमें मछली पालन के लिए अधिकार मत्स्य विभाग को मिले हैं। इसलिए जब उक्त विभाग इसका व्यावसायिक उपयोग कर रहा है, तब यहां हो रही दुर्घटनाओं की जिम्मेदारी भी संबंधित विभाग को ही लेनी होगी। उन्होंने जिला मत्स्य पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वे लघु सिंचाई विभाग से समन्वय स्थापित कर या स्वयं अपने स्तर से यहां पर पानी गहरा होने या इसी प्रकार के अन्य संकेतक और चेतावनी बोर्ड अविलंब लगवाएं।

जुर्माना किया जाएगा

एसडीएम ने कहा कि यह भी लिखें कि यह क्षेत्र या जलाशय को “नो स्विमिंग जोन” के तहत निषिद्ध घोषित किया गया है। इसमें उतरना, तैरना, नहाना आदि प्रतिबंधित और दंडनीय है। जो इस प्रतिबंध का उल्लंघन करें उस पर अपने स्तर से या मत्स्य जीवी समितियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर जुर्माना लगाने का उपाय खोजें। उन्होंने निर्देश दिया कि वे यहां पर कम से कम एक गोताखोर या एक गार्ड/ जल प्रहरी की स्थाई प्रतिनियुक्ति करना भी सुनिश्चित करें।

इसके अलावा उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र के सभी गहरे जलाशयों के खतरनाक पॉइंट्स पर सेल्फी लेने या हुड़दंग करने वालों पर नजर रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को भी निर्देश दिए हैं।

आम लोगों से अपील

संजय कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि अन्नराज डैम सहित गढ़वा के दूसरे जल स्रोतों में हर साल कई अनमोल ज़िंदगियाँ डूबने से खत्म हो जाती हैं। इस बरसात में सभी जल स्रोतों के पानी का स्तर तेज़ी से बढ़ा है। धार तेज़ और गहराई बेहद खतरनाक है। इसलिए गहरे पानी में नहीं उतरें।

सतर्क और सुरक्षित रहें

एसडीएम ने कहा कि बच्चों को अकेले इन स्थलों पर घूमने नहीं जाने दें। सेल्फी या मछली पकड़ने के लिए किनारे पर खड़े होना भी जानलेवा साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि याद रखें कि आपकी लापरवाही, आपके और आपके परिवार के लिए हमेशा के लिये दर्द दे सकती है। इसलिए सतर्क रहें। सुरक्षित रहें। जीवन का सम्मान करें।

यहां सीधे पढ़ें अन्‍य खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK