विवेक चौबे
गढ़वा। झारखंड राज्य हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड के तत्वावधान में कांडी स्थित सतबहिनी झरना तीर्थ एवं पर्यटन स्थल से रविवार को नौ दिवसीय श्री शतचंडी एवं श्री रामचरितमानस महायज्ञ की कलश यात्रा निकाली गयी। इसमें हजारों की संख्या में कलशधारियों ने धर्म ध्वजा और बाजे गाजे के साथ हिस्सा लिया। भक्ति गीत और जय श्री राम के उद्घोष के साथ यज्ञ स्थल से पैदल चलकर पंडी नदी के झरना पहुंचे। विद्वान पंडितों द्वारा अभिमंत्रित जल को कलश में भरकर यज्ञ मंडप पर पहुंच श्रद्धा और भक्ति भावना के साथ कलश को स्थापित कराया। प्रवीण सिंह, प्रवेश पाण्डेय, मुन्ना उपाध्याय, कन्हाई उपाध्याय और उषा कुंवर ने 5 प्रधान कलश को यगशाला में स्थापित किया।
इससे पूर्व यज्ञ मंडप में उपस्थित क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र चंद्रवंशी ने यज्ञ कर्ता जगतगुरु रामानुजाचार्य से आशीर्वाद प्राप्त कर सैकड़ों कलश धारियों के बीच पितांबर और चुनरी का वितरण किया। विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों द्वारा अयोध्या से सतबहिनी आई श्रीराम रथ को झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर श्री चंद्रवंशी ने कहा कि सैकड़ों महिला पुरुषों ने निर्जला रहकर कलश उठाया। इससे सभी कलशधारियों में भगवान के प्रति आस्था की झलक दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि हिंदू न्यास बोर्ड का चहुमुखी विकास के लिए सरकार द्वारा सक्रिय पहल की जा रही है। यह न्यास बोर्ड झारखंड का पहला हिंदू धार्मिक न्यास बोर्ड की पहचान बनेगा।
कांडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरी अवधि पुलिस जवान मुस्तैद रहे। एसआई राहुल, सुमन कुमार शर्मा लगातार पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस मौके पर जिला प्रतिनिधि भोला चंद्रवंशी, भाजपा प्रखंड अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, मझिआंव नगर पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा देवी, शिवपूजन सिंह, अजय कुमार सिंह, प्रवीण कुमार सिंह, ललित बैठा, नवजादिक मेहता, राणा ऋषिकेश सिंह, जगरनाथ मेहता के अलावा अन्य कई लोग मौजूद थे।