राजस्व संग्रहण में कोताही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई के निर्देश

झारखंड
Spread the love

  • उपायुक्त ने समाहरणालय सभागार में की समीक्षा

संजय यादव

देवघर। उपायुक्त विशाल सागर ने राजस्व संग्रहण, विभिन्न परियोजनाओं के लिए भू-हस्तांतरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में की। इस दौरान उपायुक्त ने सरकारी जमीन को सुरक्षित रखने में अक्षम एवं लगान रसीद और राजस्व संग्रहण के कार्य में कोताही बरतने वाले कर्मियों, मूल रैयत व ग्राम प्रधान को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।

विभिन्न परियोजनाओं में राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, सौ बेड वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम अस्पताल, दस बेड का महर्षि अस्पताल, विज्ञान प्रयोगशाला, होलीडे हॉम, नया परिसदन आदि व पुनासी परियोजना से संबंधित चल रहे विभिन्न कार्यों एवं लंबित भू अर्जन से संबंधित कार्यों की बिन्दुआर समीक्षा की। संबंधित विभाग के अधिकारी व अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी समस्याएं आ रही है उनका निराकरण संबंधित विभाग के साथ आपसी समन्वय स्थापित कर करें।

उपायुक्त ने जिले में राजस्व संग्रहण की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। वित्तीय वर्ष के लिए निर्धारित लक्ष्य को शत प्रतिशत पूर्ण करने का आदेश संबंधित अधिकारी व अंचलाधिकारियों को दिया। उपायुक्त द्वारा, भू-लगान, म्यूटेशन, दाखिल-खारि‍ज, भूमि-सीमांकन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अंचलाधिकारी को जमीनों की दाखिल-खारिज से संबंधित सभी आवेदनों का उचित कारणों के साथ ससमय समाधान कराने के निर्देश दिए। त्रुटि वाले आवेदन को भी उचित कारणों के साथ अस्वीकृत करें।

उपायुक्त ने सभी विभागीय पदाधिकारियों से राजस्व संग्रहण में आ रही समस्याओं पर विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने आपसी समन्वय स्थापित कर राजस्व संग्रह के शेष लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। जिला परिवहन, उत्पाद, नगर निगम, नगर परिषद मधुपुर सहित अन्य विभागों द्वारा प्राप्त राजस्व और लक्ष्य की समीक्षा करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। सभी अंचलाधिकारी को कार्यशैली में सुधार करते हुए कार्यालय में उपस्थित रहकर ज्यादा से ज्यादा आमजनों की समस्याओं का समाधान करने का निर्देश दिया।

मौके पर अपर समाहर्ता हीरा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी अमर प्रसाद, जिला स्थापना उप समाहर्ता  मनोज कुमार, उत्पाद अधीक्षक संजय श्रीवास्तव, नगर निगम व नगर परिषद के अधिकारी, सभी अंचलों के अंचल अधिकारी, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी के साथ-साथ संबंधित विभाग के अधिकारी व कर्मी आदि उपस्थित थे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8