रांची। महाराष्ट्र के साथ ही झारखंड में विधानसभा चुनाव होने की प्रबल संभावना है। इसके संकेत मिल रहे हैं। दरअसल, निर्वाचन आयोग की टीम सोमवार को रांची पहुंची। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में यह टीम रांची पहुंची है।
आज यानी 24 सितंबर को चुनाव आयोग की टीम कई महत्वपूर्ण बैठक करने वाली है। इसमें वरीय अधिकारी से लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। सूत्रों की मानें, तो इस बार दो से तीन चरणों में चुनाव संपन्न कराये जा सकते हैं।
दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंची चुनाव आयोग की टीम राजनीतिक दलों, प्रवर्तन एजेंसी और सरकारी अधिकारियों के साथ कई बैठकें करेगी। झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के. रवि कुमार ने कहा, निर्वाचन आयोग छह राष्ट्रीय और तीन क्षेत्रीय दलों सहित नौ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ही वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों तथा पुलिस अधिकारियों से वार्ता करेगी।’’
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने आगे कहा कि निर्वाचन आयोग की टीम मंगलवार को जिला निर्वाचन अधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों, महानिरीक्षकों और उप महानिरीक्षकों से भी मुलाकात करेगी।
बैठकों के दौरान चुनावी तैयारियों, कानून व्यवस्था की स्थिति और चुनाव संबंधी अन्य मामलों की समीक्षा की जाएगी। झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
इससे पहले, यहां 2019 में 81 विधानसभा सीट के लिए 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच पांच चरणों में चुनाव हुए थे। जिसके नतीजे 23 दिसंबर को घोषित किए गए थे। निर्वाचन आयोग के सूत्रों ने बताया कि इस बार चुनाव दो से तीन चरणों में कराए जाने की संभावना है।