Jharkhand: सोनाहातू के इस विद्यालय की पांच छात्राओं ने राष्ट्रपति को बांधा रक्षा सूत्र

झारखंड
Spread the love

सोनाहातू। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय सोनाहातू की 5 छात्राएं  सुमन कुमारी, संतोषी कुमारी, सीता कुमारी, लिया सिंह और राहे की राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी स्वाति कुमारी रक्षाबंधन के दिन दिल्ली में राष्ट्रपति भवन पहुंचीं।

झारखंडी परिधान में राष्ट्रपति भवन पहुंचीं इन पांच छात्राओं ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को हस्तनिर्मित रक्षा सूत्र बांधा और विद्यालय में निर्मित पेंटिंग अपने हाथों से भेंट की।

झारखंड की इन छात्राओं के साथ राष्ट्रपति ने ग्रुप फोटोग्राफी भी कराई। सोनाहातू और राहे की छात्राओं को राष्ट्रपति के दाएं और बाएं बैठाया गया। छात्राओं के साथ विद्यालय की शिक्षिका सरोजिनी टोप्पो भी थीं।

मौके पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान भी मौजूद थे। जिन्होंने छात्राओं से बात की, छात्राओं ने बताया कि ये पल उनके जीवन का स्वर्णिम क्षण है, जिसे वह जिंदगी भर याद रखेंगी।

छात्राओं ने बताया कि वे पहली बार एसी ट्रेन में बैठी हैं और उनके माता-पिता इतने गरीब हैं कि वे कभी दिल्ली भेजने की सोच भी नहीं सकते हैं। उन्होंने इसके लिए स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग के प्रति आभार जताया है।