दिल्ली के बाद कोलकाता में निर्भया कांड, डॉक्टर से हुई दरिदंगी, मुख्यमंत्री ममता ने ये कहा…

अन्य राज्य देश
Spread the love

कोलकाता। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निर्भया कांड के बाद अब पश्चिम बंगाल में एक महिला डॉक्टर के साथ दरिदंगी का मामला सामने आया है। आरजी कर मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के इमरजेंसी बिल्डिंग के चौथे तल पर सेमिनार हॉल से एक जूनियर महिला डॉक्टर का शव अर्धनग्न अवस्था में बरामद होने के बाद बवाल मच गया है।

बंगाल के विभिन्न अस्पतालों में सुबह से ही जूनियर डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन शुरु हो गया। हर कोई युवा डॉक्टर के साथ हुए दुष्कर्म और हत्या के लिए न्याय चाहता है। आंदोलनकारियों की मांग है कि इस घटना के दोषियों को तुरंत सजा दी जाये, अन्यथा वे काम नहीं करेंगे।

आरजी कर अस्पताल के जूनियर डॉक्टरों का कहना है कि वह अस्पताल में खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। सिर्फ आरजी कर अस्पताल ही नहीं, पश्चिम बंगाल के कई अस्पतालों में हंगामा व प्रदर्शन जारी है। डॉक्टरों का कहना है कि जैसे निर्भया की हत्या की गई थी, वैसे ही महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म करने के बाद उनकी हत्या कर दी गई है।

बता दें कि, गत गुरुवार की रात को महिला जूनियर डॉक्टर ड्यूटी पर थी। सूत्रों के अनुसार, रात दो बजे खाना खाने के बाद वह सेमिनार हॉल में गयी थी। उसके बाद से ही उसे नहीं देखा गया था। बाद में उसका शव बरामद हुआ। अस्पताल में जिस जगह से उसका शव मिला, वहां बाहरी लोग आसानी से नहीं आ-जा सकते हैं।

मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसके होंठ, गाल और सिर पर स्क्रैच मार्क्स देखे गये हैं। कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पुलिस ने अभी तक कुछ भी साफ तौर पर नहीं कहा है।

पोस्टमार्टम की प्राथमिक रिपोर्ट में जूनियर महिला डॉक्टर की हत्या की पुष्टि हुई है। सूत्रों के अनुसार, रिपोर्ट में बताया जा रहा है कि हत्या रात तीन बजे से सुबह छह बजे के बीच हुई होगी।

उसके गले के बाएं हिस्से की एक पसली टूटी हुई है। आशंका है कि गला दबाकर हत्या की कोशिश की गयी होगी। हालांकि पुलिस को पोस्टमार्टम की पूरी रिपोर्ट का इंतजार है।

डॉक्टर की मौत के मामले में पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार किया है और लालबाजार में ले जाकर उससे पूछताछ की जा रही है। युवक का नाम संजय रॉय है। वह उस अस्पताल का ड्यूटी होम गार्ड है। सेमिनार हॉल में एक फटा हुआ ब्लूटूथ केबल मिला है।

बताया जाता है कि उसी फटे तार के आधार पर संजय को गिरफ्तार किया गया। घटना की रात सेमिनार हॉल में संजय के साथ कोई और था या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

सीएम ने घटना पर चिंता जाहिर की। साथ ही शुक्रवार शाम को मृतका की मां से फोन पर बात कर राज्य सरकार की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार से राज्य सरकार पर भरोसा रखने का आह्वान किया। आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। आरोपी बच नहीं पायेगा।