मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन रेस, नियुक्ति प्रक्रियाओं में तेजी लाने के निर्देश

झारखंड मुख्य समाचार
Spread the love

  • कांटाटोली और सिरमटोली से मेकॉन चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करें

रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड मंत्रालय में अधिकारियों की उपस्थिति में राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के रिक्त पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया की 9 जुलाई को समीक्षा की। रांची में निर्माणाधीन कांटाटोली फ्लाईओवर और सिरमटोली से मेकॉन चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण कार्य के अद्यतन कार्य प्रगति की भी समीक्षा की।

नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करे

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रक्रियाधीन नियुक्तियां को शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कार्यालयों में मानव संसाधन का अभाव होने से विभागीय कार्यक्षमता के साथ-साथ सरकार द्वारा जनहित में संचालित योजनाओं-परियोजनाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। अत: सभी नियुक्तियां निर्धारित समय-सीमा के अंतर्गत पूरी कर ली जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सितम्बर, 2024 के अंत तक राज्य सरकार के विभिन्न सरकारी विभागों में लगभग 30 हजार रिक्त पदों पर नियुक्ति किए जाने का लक्ष्य है। इन नियुक्तियों को हर हाल में पूरा करने की दिशा में हमारी सरकार प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

उत्पाद सिपाही की दौड़ प्रक्रिया इसी माह

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बैठक में 5 हजार पुलिस और 583 उत्पाद सिपाही नियुक्ति प्रक्रियाओं में भी तेजी लाने का निर्देश दिया है। बैठक में मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि 583 उत्पाद सिपाही की दौड़ प्रक्रिया जुलाई, 2024 के अंत तक और 5 हजार पुलिस बहाली की दौड़ प्रक्रिया 15 अगस्त, 2024 तक पूरी कर ली जाएगी।

फ्लाईओवर निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करें

बैठक में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सिरमटोली से मेकॉन चौक तक बनाए जा रहे निर्माणाधीन फ्लाईओवर निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा करें। निर्माण कार्य में अगर कोई बाधा पहुंच रही है तो उसका जल्द समाधान निकालकर कार्य प्रगति में तेजी लाएं। मुख्यमंत्री ने नगर विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि कांटाटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य भी जल्द पूरा करें, अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकार से निर्माण कार्य में विलम्ब न हो यह सुनिश्चित करें।

ताज होटल का निर्माण प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि रांची स्मार्ट सिटी में ताज होटल और अपोलो अस्पताल का निर्माण किया जाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। स्मार्ट सिटी में ताज होटल निर्माण के लिए नगर विकास विभाग के अधिकारी ताज होटल प्रबंधन से समन्वय स्थापित कर शीघ्र कार्य योजना तैयार करें। अपोलो अस्पताल स्थापित किए जाने के निमित्त सभी जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरा करें।

पदाधिकारी जनता दरबार अवश्य लगाएं

बैठक में मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को रांची, जमशेदपुर और धनबाद शहर में पुलिसिंग व्यवस्थाओं में सुधार लाने एवं आधुनिक उपकरणों का उपयोग सुनिश्चित किए जाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि फील्ड लेवल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्र में जनता दरबार का आयोजन अवश्य करें। पुलिस अधिकारी जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याओं को सुने। समस्याओं का निदान भी करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अर्बन और रूरल क्षेत्रों में पुलिस अपनी सक्रियता बढ़ाए, जिससे अपराधियों के मन में भय उत्पन्न हो।

मुख्‍य सचिव सहित ये अधिकारी मौजूद

बैठक में राज्य के मुख्य सचिव एल खियांग्ते, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव गृह विभाग श्रीमती वंदना दादेल, डीजीपी अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव पथ निर्माण विभाग सुनील कुमार,  झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के अध्यक्ष प्रशांत कुमार, नगर विकास सचिव अरवा राजकमल, एडीजी हेडक्वार्टर आरके मल्लिक, एडीजी ऑपरेशन संजय आनंद लाटकर, आईजी रांची अखिलेश झा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/Jj479fycWte2jCOAU5PANT