सातवें चरण में झारखंड के तीन संसदीय क्षेत्रों का मतदान प्रतिशत 70.88 रहा

झारखंड
Spread the love

  • सभी 14 लोकसभा क्षेत्र में हुआ 66.49 प्रतिशत मतदान
  • 8 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 2019 से अधिक हुआ मतदान
  • 12 लोकसभा क्षेत्रों के मतदान में महिलाओं का रहा दबदबा

रांची। सातवें चरण के चुनाव में तीन संसदीय क्षेत्रों में संपन्न मतदान के बाद सभी पोलिंग पार्टी वापस लौट आई है। सभी इवीएम स्क्रूटनी के बाद स्ट्रांग रूम में सील कर दिये गये हैं। सभी मतगणना केंद्रों पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। राजमहल, दुमका और गोड्डा संसदीय निर्वाचन क्षेत्र में कुल 70.88 प्रतिशत मतदान हुआ है। उसमें राजमहल में 70.78 प्रतिशत, दुमका में 73.87 प्रतिशत और गोड्डा में 68.63 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसी तरह झारखंड के सभी 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों का मतदान प्रतिशत 66.49 प्रतिशत रहा है। उक्‍त बातें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने कही। वह 2 जून को निर्वाचन सदन में मीडिया से मुखातिब थे।

रवि कुमार ने बताया कि 2019 के लोकसभा चुनाव की तुलना में इस बार 2024 के चुनाव में झारखंड के 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 8 में अधिक मतदान हुआ है। जिन 6 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में 2019 की तुलना में कम मतदान हुआ है, वह सभी बिहार राज्य की सीमा से जुड़े क्षेत्र हैं। उन्होंने कहा कि संभावना है कि उस इलाके में पलायन आदि कारणों से ऐसा हुआ है।

मतदान से जुड़ी एक रोचक जानकारी साझा करते हुए उन्होंने बताया कि 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों में से 12 में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। सिर्फ रांची और जमशेदपुर में पुरुष मतदाताओं ने महिलाओं से अधिक मतदान किया है। हालांकि उसका अंतर भी मामूली रहा है। वहीं 14 संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों के अंतर्गत पड़ने वाले 68 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं ने पुरुषों से अधिक मतदान किया है। सिर्फ 13 विधानसभा क्षेत्रों में महिलाओं से अधिक पुरुषों ने मतदान किया है।

रवि कुमार ने बताया कि सभी 14 केंद्रों पर मतगणना की तैयारी जारी है। 4 जून को सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू होगी। नियमित अंतराल पर हर राउंड के नतीजे की घोषणा होती रहेगी। उन्होंने बताया कि संभावना है कि शाम चार बजे तक मतगणना पूरी हो जाएगी। नतीजे ऑनलाइन भी देखे जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पूरे चुनाव के दौरान तीन पुलिसकर्मी, 2 ड्राइवर और एक चुनावकर्मी की अलग-अलग कारणों से मौत हुई है। सभी के परिजनों को नियमानुसार अनुग्रह अनुदान का लाभ मिलेगा।

रवि कुमार ने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक झारखंड में 135 करोड़, 29 लाख की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है। सातवें चरण के मतदान के दिन 1 जून को भी 34.19 लाख रुपये की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़े
https://chat।whatsapp।com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8