गोड्डा में बनेगा पूर्वी भारत का सबसे बड़ा पावर प्लांट, जानें कितने रुपये खर्च करेगा अदाणी ग्रुप  

झारखंड
Spread the love

गोड्डा। विकास देखना है, तो गोड्डा आइए। यह कहना गलत नहीं होगा। जी हां, गोड्डा स्थित अदाणी का पावर प्लांट अब पूर्वी भारत का सबसे बड़ा पावर प्लांट हो जायेगा। अदाणी ग्रुप गोड्डा में 1600 मेगावाट का दूसरा पावर प्लांट लगाने को तैयार है।

दिल्ली में गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे की अदाणी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अदाणी के साथ हुई मुलाकात में गोड्डा में नया पावर प्लांट लगाने की सहमति बनी। अदाणी के नये पावर प्लांट में 12 हजार करोड़ रुपये का निवेश होगा। इस 12 हजार करोड़ के निवेश में पांच हजार करोड़ रुपये मजदूरी में खर्च होगा। इसमें स्थानीय मजदूरों को काम मिलेगा। इस वर्ष दिसंबर में नये पावर प्लांट की नींव रखने की योजना है व 30 महीने में प्लांट तैयार करने का लक्ष्य है।

अदाणी ग्रुप गोड्डा में दूसरा 1600 मेगावाट पावर प्लांट लगाने को तैयार है। इस पावर प्लांट में 12 हजार करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह प्लांट का काम चालू होने से झारखंड बनने के बाद राज्य में गोड्डा में सबसे ज्यादा लगभग 30 हजार करोड़ का निवेश भी हो जायेगा। 3200 मेगावाट बिजली उत्पादन होने के साथ गोड्डा पूर्वी भारत का सबसे बड़ा पावर प्लांट हो जायेगा।

इस निवेश के साथ हजारों लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलेगा। अदाणी का पहला प्लांट चालू होने के बाद गोड्डा में मॉल, शो रूम व चौड़ी सड़कें दिखने लगी हैं। दूसरा प्लांट में निवेश होने से मार्केट में पैसे का फ्लो बढ़ेगा व रोजगार तथा व्यापार में वृद्धि आयेगी। गोड्डा एक बड़ा औद्योगिक शहर के रूप में विकसित होगा।

अदाणी ग्रुप के पास गोड्डा में पहले से 650 एकड़ भूमि है, आवश्यकता पड़ने पर 200 एकड़ जमीन के अधिग्रहण करने की योजना है। गंगा नदी से अदाणी ग्रुप को पानी व इसीएल के ललमटिया से कोयला मिल रहा है। नये प्लांट के लिए गोड्डा व दुमका में शुरू होने वाले इसीएल के अन्य कोल ब्लॉक से भी कोयला प्राप्त करने की योजना है।

आने वाले समय में कुल 3200 मेगावाट बिजली उत्पादन होने के साथ गोड्डा पूर्वी भारत में कहलगांव, फरक्का व बाढ़ से भी बड़ा पावर प्लांट बन जायेगा। गोड्डा के नये प्लांट से झारखंड, बिहार व बंगाल को भी बिजली मिलेगी। अदाणी का दूसरा पावर प्लांट शुरू होने पर झारखंड बनने के बाद राज्य में गोड्डा में सबसे ज्यादा लगभग 30 हजार करोड़ का निवेश हो जायेगा। पहले से गोड्डा में 16 हजार करोड़ रुपये का पावर प्लांट संचालित है।

दूसरा पावर प्लांट 12 हजार करोड़ का होगा व एक हजार करोड़ की अंबुजा सीमेंट की फैक्ट्री खुलेगी। एक हजार करोड़ रुपये की अन्य कई परियोजनाएं हैं। हजारों करोड़ रुपये के निवेश होने से गोड्डा सहित संताल परगना की अर्थव्यवस्था में तेजी से विकास होगा। गोड्डा के मार्केट में पैसे का फ्लो होने से रोजगार व व्यापार में वृद्धि आयेगी।