
- सरकार के 4 साल पूरा होने पर रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्यस्तरीय कार्यक्रम
रांची। राज्य सरकार के 4 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में रांची के मोरहाबादी मैदान में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन 29 दिसंबर, 2023 को हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन और मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विकास योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। लाभुकों के बीच परिसंपत्तियों का वितरण करने के साथ युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के अनुसूचित जनजाति और अनुसूचित जाति के व्यक्तियों को अब यूनिवर्सल पेंशन स्कीम के तहत 50 वर्ष की उम्र से ही पेंशन मिलेगा। राशन डीलरों को कमीशन के रूप में मिलने पैसे को भी जल्द बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप सभी ने मुझे राज्य को चलाने का जिम्मा सौंपा है। ऐसे में आप सभी के सहयोग से ही राज्य को आगे बढ़ने का प्रयास निरंतर कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष पंचायत में शिविर लगेंगे। नई योजनाओं को लेकर आपके बीच आएंगे। मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना से अब तक 12 हज़ार से ज्यादा नौजवान जुड़कर खुद का व्यवसाय कर रहे हैं। हमारी सरकार जो कहती है, उसे करके दिखाती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बच्चों को बेहतर और गुणवत्तायुक्त शिक्षा देने के लिए प्रतिबद्ध है। इस कड़ी में पहले चरण में 80 स्कूल आफ एक्सीलेंस खोले गए हैं और आने वाले दिनों में इनकी संख्या 5 हज़ार की जाएगी। बच्चियों आर्थिक तंगी की कारण पढ़ाई नहीं छोड़े, इसके लिए उन्हें सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना के तहत 40 हज़ार रुपये दिए जा रहे हैं। अब बेटियां सिर्फ डिग्री नहीं लेंगी, बल्कि इंजीनियर डॉक्टर और अफसर भी बनेंगी।
इसके अलावा दसवीं से 12वीं तक के सभी विद्यार्थियों को गुरुजी क्रेडिट कार्ड दिया जाएगा, ताकि वे अपने भविष्य को संवार सके। कल्याण विभाग के सभी छात्रावासों का जीर्णोद्धार भी किया जा रहा है। अब यहां रहने वाले विद्यार्थी सिर्फ पढ़ाई की चिंता करें, उनके खाने पीने की व्यवस्था भी राज्य सरकार करेगी। इतना ही नहीं, विदेश में उच्च शिक्षा के लिए भी सरकार शत प्रतिशत स्कॉलरशिप दे रही है। वहीं, प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी से लेकर विभिन्न कोर्सेस को करने के लिए भी सरकार आर्थिक मदद दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नियुक्तियों के रास्ते खुल चुके हैं। सरकारी विभागों में खाली पड़े हजारों पद भरे जा चुके हैं। वहीं, 45 हजार से ज्यादा पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। निजी संस्थानों में भी 50 हज़ार से अधिक युवाओं को ऑफर लेटर दिया जा चुका है। हमारी सरकार ने यह भी कानून बनाया है कि झारखंड में जितने भी संस्थान और कंपनियां होंगी, उन्हें 75 प्रतिशत नौकरी स्थानियों को देना अनिवार्य होगा।
मुख्यमंत्री ने विकास को रफ्तार देनेवाली 4547.69 करोड़ की 343 योजनाओं का उद्घाटन- शिलान्यास किया। शिक्षा विभाग में 662 और स्वास्थ्य विभाग में 307 नव चयनितों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
रिम्स रांची, गिरिडीह (100 बेड), हजारीबाग, लातेहार, देवघर, साहिबगंज, दुमका और गढ़वा में 50 बेड की क्षमता वाला क्रिटिकल केयर ब्लॉक अस्पताल बनेगा। रांची, पलामू और देवघर में धनवंतरी आयुष अस्पताल का शिलान्यास हुआ।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्य खबरें पढ़ सकते हैं। आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, x सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।