
गुमला। झारखंड के गुमला जिले से दुखद खबर आ रही है। बिशुनपुर प्रखंड में बुधवार की सुबह नेतरहाट जाने के मार्ग पर जोहनडेरा घाटी में बॉक्साइट लदा ट्रक 500 फीट नीचे खाई में जा गिरा। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पांच लोग घायल हो गए।
मृतकों में एक बच्चा व एक महिला शामिल है। भारी बारिश के बीच बिशुनपुर और गुरदरी थाना की पुलिस ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को खाई से बाहर निकाला।
बताया जाता है कि बॉक्साइट ट्रक माइंस से लोहरदगा जा रहा था। जोहनडेरा घाटी के समीप ट्रक खाई में जा गिरा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बताया जा रहा है कि गाड़ी में महिला का शव फंसा हुआ था, जिसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को अस्पताल लाया गया है। पांच में से दो घायलों की स्थिति बेहद नाजुक है।