
बेगूसराय/मोतिहारी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बिहार में एक के बाद एक हत्याओं से कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े होने लगे हैं। शनिवार को बेगूसराय में बेखौफ बदमाशों ने एक रिटायर शिक्षक की मॉर्निंग वॉक के दौरान गोली मारकर बीच सड़क पर हत्या कर दी। घटना बछवारा थाना क्षेत्र की फतेहा पंचायत के फतेहा रेलवे स्टेशन के समीप की है।
वहीं दूसरी वारदात पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक ठेकेदार को गोली मारकर हत्या कर दी। घटना चकिया थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर घटित हुई। ये सनसनीखेज वारदातें ऐसे वक्त में हुई हैं, जब दो दिन पहले ही अररिया में बदमाशों ने एक पत्रकार विमल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसे लेकर नीतीश कुमार सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई। अब मोतिहारी और बेगूसराय की घटना ने लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल खड़े कर दिए।
बेगूसराय में शनिवार सुबह रिटायर शिक्षक की हत्या को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासा सामने आ रहे। बछवारा थाना इलाके में हुई इस वारदात को लेकर बताया जा रहा कि आपसी रंजिश में उनका मर्डर किया गया। बाइक सवार अपराधियों ने फतेहा गांव निवासी 70 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक जवाहर राय की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे पहले फरवरी 2021 में मृतक जवाहर राय के बेटे की भी हत्या की गई थी। जिसमें मृतक चश्मदीद गवाह थे। हत्या के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक जवाहर राय प्रतिदिन सुबह में टहलने के लिए गांव से फतेहा रेलवे स्टेशन की तरफ निकलते थे। आज भी जब वो वहां पहुंचे, तो बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। ग्रामीणों ने बताया कि तीन नकाबपोश अपराधियों ने रिटायर्ट शिक्षक को गोली मार दी। जिससे घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची बछवाड़ा थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। इस मामले में मौके पर मौजूद जांच अधिकारी उदय प्रसाद ने कहा कि जमीन विवाद को लेकर हत्या की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
बेगूसराय में पिछले एक सप्ताह में करीब आधा दर्जन अपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्य शैली पर सवाल खड़ी कर दी है। बीती रात भी पार्किंग विवाद में तीन लोगों को गोली मार दी गई थी, जिसमें से एक की मौत हो गई थी बछवारा थाना क्षेत्र में ही एक उपमुखिया की गोली मारकर तीन दिन पहले हत्या कर दी गई थी। लगातार बढ़ते अपराध से लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश भी व्याप्त है।
उधर, पूर्वी चंपारण में बेखौफ अपराधियों ने एक ठेकेदार को गोली मारकर हत्या कर दी है। घटना चकिया थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर घटित हुई है। घटना के बाद बेखौफ अपराधी ने हथियार लहराते मुजफ्फरपुर की ओर भाग निकले हैं। घटना सुबह 8 बजे हुई।
वारदात के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई। अपराधियों ने ठेकेदार को दो गोली सीने में मारी है। जिसके बाद आनन-फानन में लोगों ने ठेकेदार राजीव कुमार को मोतिहारी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पहुंचते हैं डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया है। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति आक्रोश बना हुआ है।
बिहार के दो जिलों में सुबह-सुबह में डबल मर्डर से कोहराम मच गया। पुलिस प्रशासन मामले की जांच में जुटी है। वहीं डबल मर्डर से लोगों में गुस्सा भी बढ़ता जा रहा। खास तौर से बेगूसराय का मामला बिल्कुल वैसा ही है, जैसे अररिया में पत्रकार विमल यादव की हत्या की गई थी। यहां भी रिटायर टीचर जवाहर राय के बेटे का दो साल पहले मर्डर किया गया था। वो इसमें अहम गवाह थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
- खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार खबरें पढ़ सकते हैं।
- आपका अपना न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर सहित अन्य सोशल मीडिया के साथ सीधे गूगल पर जाकर भी जुड़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।