रांची। यह पूरा विश्व ही मनुष्य के लिए है। हम इसका उपयोग जैसा करेंगे, वैसा ही परिणाम मिलेगा। पर्यावरण संकट के लिए हम सभी जवाबदेह हैं। हमारे ईमानदार प्रयास से ही पर्यावरण का संरक्षण हो सकेगा। उक्त बातें उषा मार्टिन के एचआर प्रमुख एनएन झा ने कहीं। वह 9 जून को जलवायु संकट और प्रदूषण के खिलाफ कंपनी के अभियान में बोल रहे थे।
कंपनी के पर्यावरण विभाग की ओर से टाटीसिलवे उच्च विद्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके तहत पर्यावरण मंत्रालय के दिशा निर्देशों के तहत गांव-गांव में इस संकट से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। इस अवसर पर स्कूल प्रागंण में पौधरोपण भी किया गया।

झा ने कहा कि बारिश के पानी का संरक्षण करना होगा। घर और बाहर जहां भी रहे, एक समान सोचना होगा। हम अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का कम से कम प्रयोग करें। इसका संकल्प लें।
इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कमल ने कहा कि यह समस्या विश्वव्यापी है। प्रकृति के साथ अन्याय का परिणाम जलवायु परिवर्तन है। जंगल बचेगा, तभी जल, जानवर और जीवन भी बचेगा। इसके लिए हमें प्रकृति को बचाना होगा।
प्वार प्लांट के प्रमुख तन्मय सिन्हा ने कहा कि हमें अपनी आदत को बदलना होगा। पानी का न्यूनतम उपयोग करना सीखना होगा। जहां भी रहें, जलवायु को प्रभावित करनेवाले कारणों से दूर रहे।
मौके पर विद्यालय की छात्रा प्रिया नंदा, बरसा और दिव्यानी ने भी पर्यावरण पर अपने आलेख पढ़े। कार्यक्रम का संचालन पर्यावरण विभाग के प्रमुख अरूप दत्ता ने किया।
इस अवसर पर कंपनी के वरीय अधिकारी मुकुल विश्वास, दीपेंद्र कुमार, बीएल सरकार, संजीव शेखर, सचींद्र कुमार, तन्मय राय भी उपस्थित थे।