रांची। दुखद खबर झारखंड के चतरा जिले से आई है, जहां राजधानी रांची से दिल्ली जा रहा रेड बर्ड एविएशन का एक छोटा विमान सोमवार की देर शाम क्रैश हो गया।
शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार, यह एक एयर एंबुलेंस थी, जिसने रांची से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी।
उड़ान के दौरान शाम 7.34 बजे एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से उसका संपर्क अचानक से टूट गया। इसके बाद विमानन अधिकारियों ने तत्काल हाई अलर्ट जारी कर दिया।
बताया जा रहा है कि विमान चतरा जिला के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत करमाटांड़ गांव के समीप स्थित जंगल क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हुआ।
स्थानीय लोगों ने जंगल की ओर तेज आवाज सुनने और धुएं का गुबार उठते देखने की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हुई।
शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, विमान में कुल सात लोग सवार थे। सातों के मारे जाने की सूचना है।
संपर्क टूटने के तुरंत बाद संबंधित एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया।
रडार डेटा और विमान की अंतिम ज्ञात लोकेशन के आधार पर सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घने जंगल और दुर्गम भू-भाग के कारण राहत एवं बचाव कार्य में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय प्रशासन, पुलिस बल और आपदा प्रबंधन की टीमें संयुक्त रूप से अभियान में जुटी हैं।
सूत्रों के अनुसार, ईडी सीएपी (इमरजेंसी डेटा सेंट्रलाइज्ड एक्शन प्लान) पूरे घटनाक्रम की निगरानी कर रहा है और पल-पल की जानकारी एकत्र की जा रही है।


