रामलखन सिंह यादव हाईस्कूल, कोकर में सांसद कला महोत्सव के तहत पेंटिंग कॉर्निवल आयोजित
रांची। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ की पहल पर चल रहे सांसद कला महोत्सव के तहत शनिवार को राजधानी रांची के कोकर स्थित रामलखन सिंह यादव हाईस्कूल में पेंटिंग कॉर्निवल प्रतियोगिता आयोजित की गयी। इसमें कुल 251 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करनेवाले 31 प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि, आज का भारत सशक्त और प्रगतिशील है। जहां बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ का नारा मजबूत हो रहा है। वहीं महिलाएं भी सेना में नेतृत्व कर रही हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय रंजन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों में उत्साह और रचनात्मकता को बढ़ावा देते हैं।
प्रधानमंत्री को सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स की जायेगी भेंट: संजय सेठ
केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने बताया कि प्रतियोगिता का थीम है ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सैन्य प्रेम। उन्होंने कहा कि इस महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों के बीच ऑपरेशन सिंदूर और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सैन्य प्रेम के प्रति जागरूकता लाना है। उनकी रचनात्मकता को सार्वजनिक पटल पर दिखाना है। सबसे उत्कृष्ट पेंटिंग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट की जायेगी।
छात्रों की अभिव्यक्ति में दिखा वीरता और शौर्यः संजीव विजयवर्गीय
समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने कहा कि, कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने भारतीय सैनिकों के साहस, पराक्रम और राष्ट्र रक्षा की भावना को अपनी पेंटिंग्स में उतारा। बच्चों की कला में सैनिकों की वीरता, सीमाओं पर उनके संघर्ष और सफल सैन्य अभियानों की झलक दिखाई दी। हर चित्र यह संदेश दे रहा है कि, भारत की रक्षा में तैनात सैनिकों की भूमिका अमूल्य है और उनके त्याग एवं समर्पण को भुलाया नहीं जा सकता।
बेटियां दुर्गा बनकर देश की कर रही हैं रक्षा : रतन लाल अग्रवाल
समारोह के कोऑर्डिनेटर रतन लाल अग्रवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा- “आज भारत को कोई भी बुरी नजर से देखने का दुस्साहस नहीं कर सकता। अगर किसी ने ऐसा साहस किया भी है, तो हमारे वीर जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।” उन्होंने विशेष रूप से भारत की बेटियों की भूमिका का उल्लेख करते हुए कहा कि आज बेटियां केवल घर-परिवार की जिम्मेदारियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुर्गा बनकर देश की रक्षा कर रही हैं। सरस्वती बनकर ज्ञान का विस्तार कर रही हैं। लक्ष्मी बनकर देश की आर्थिक प्रगति को गति प्रदान कर रही हैं।
एकसूत्र में सबको बांधती है देशभक्तिः विनय रंजन
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनय रंजन ने कहा कि देशभक्ति में वह शक्ति है, जो देशवासियों को एक सूत्र में बांधती है। जाति, धर्म, भाषा, संप्रदाय जैसी संकीर्णताओं से परे जाकर हम सभी को एकजुट करने का कार्य करती है। उन्होंने छात्र-छात्राओं की रचनात्मकता और राष्ट्रभक्ति की भावना की सराहना की।
गीत-संगीत से मंत्रमुग्ध दिखे लोग
समारोह के बीच रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। देशभक्ति गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं।
शिक्षकों का रहा अहम योगदान
कार्यक्रम को सफल बनाने में विनय रंजन, संध्या खलखो, अनुकूल विजय, श्रीनिवास शर्मा, प्रतिमा कुमारी, अंजु कुमारी, मनु महतो, बृजनंदन राम, संध्या रानी ओहदार, कुमारी ममता, ललिता कुमारी, शिव पूरन राम, मनीष कुमार, प्रतिमा कुमारी, ज्योति कुमारी के अलावे राजीव सहाय, पुष्पा सहाय, समाजसेविका सुनीता अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समारोह में बतौर जज रूही उज्जवल और नवीन कुमार करण मौजूद रहे।
यहां सीधे पढ़ें खबरें
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, X सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK