रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय की इंडियन सोसाइटी ऑफ जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग की रांची चैप्टर ने शुक्रवार को स्पॉट पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें क्लास छह में अध्ययनरत छह स्कूलों के 40 छात्रों ने हिस्सा लिया।
पेंटिंग का विषय कोविड-19 का मानव पर प्रभाव था। प्रतियोगिता का आयोजन कृषि संकाय में किया गया। इसमें डीएवी गांधीनगर, सेंट मेरी गर्ल्स स्कूल, डीएवी नीरजा सहाय, अनिता गर्ल्स स्कूल, सेंट जोसफ स्कूल आदि स्कूलों के 40 छात्रों ने भाग लिया।
इस दौरान कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह, डीन एग्रीकल्चर डॉ एसके पाल और सोसाइटी के आयोजन सचिव डॉ सोहन राम ने छात्रों का मनोबल बढाया। मौके पर कुलपति ने प्रतियोगिता को कृषि विषय से छात्रों को जोड़ने की अच्छी पहल एवं छात्रों के लिए बेहद खास अवसर बताया।

यह सोसाइटी विवि के आनुवांशिकी एवं पौधा प्रजनन विभाग के आधीन है। आयोजन सचिव एवं विभाग के अध्यक्ष डॉ सोहन राम ने बताया कि तीन वैज्ञानिकों की एक्सपर्ट कमेटी छात्रों की पेंटिंग का मूल्यांकन करेगी। विजेताओं को विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित समारोह में पुरस्कृत किया जायेगा।
विभाग के वैज्ञानिकों में प्रतियोगिता का संचालन डॉ नूतन वर्मा ने किया। समन्वय में सहयोग डॉ शशि किरण तिर्की एवं डॉ सुप्रिया सुरीन ने किया।