Ranchi: बीआईटी मेसरा की छात्रा पर ब्लेड से हमला, जानें आगे

अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। राजधानी रांची में अपराधियों का मनोबल काफी बढ़ गया है। शहरी अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ताजा मामला रांची के मेसरा स्थित बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी का है, जहां बीआईटी की छात्रा के साथ छेड़छाड़ और ब्लेड से हमला किया गया है।

घटना के विरोध में हजारों छात्र बुधवार देर रात से ही कैंपस में प्रदर्शन कर रहे हैं। गुरुवार को छात्रों ने सभी कक्षाओं का बहिष्कार करते हुए विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

आंदोलित छात्र कैंपस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं। छात्रों का कहना है कि जब तक कॉलेज प्रबंधन सुरक्षा के ठोस उपाय नहीं करता और दोषियों को पकड़ने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

मिली जानकारी के अनुसार एमबीए की एक छात्रा बुधवार रात कैंपस के गेट से बाहर निकली थी, तभी असामाजिक तत्वों ने उससे छेड़खानी की और विरोध करने पर ब्लेड से हमला कर दिया।

वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल छात्रा को तत्काल एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना से छात्रों में भारी आक्रोश है।

उनका कहना है कि बाहरी लोगों का कैंपस में प्रवेश और इस तरह की वारदात सीधे तौर पर प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है। छात्रों का आरोप है कि अगर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते, तो यह घटना नहीं होती। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को शांत करने की कोशिश की। लेकिन, छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे।

छात्रों का कहना है कि यह सिर्फ एक छात्रा पर हमला नहीं, बल्कि पूरे छात्र समुदाय की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है। इस मामले पर अब तक संस्थान प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, संस्थान के कई अधिकारी आंदोलित छात्रों से वार्ता करने पहुंचे हैं। वे उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं।

छात्रों का कहना है कि पहले आरोपियों की गिरफ्तारी हो, इसके बाद ही वार्ता होगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर इस मामले में तत्काल कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।हमारे साथ इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK