किसानों को धान की सीधी बुआई तकनीक से कराया गया परिचित

बिहार कृषि
Spread the love

  • गया के गुलेरियाचक गांव में प्रक्षेत्र दिवस व कृषक-वैज्ञानिक संवाद का आयोजन

पटना। गया जिले के टेकारी प्रखंड के गुलेरियाचक गांव में धान-परती भूमि प्रबंधन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रक्षेत्र दिवस एवं कृषक-वैज्ञानिक वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों से अवगत कराना और धान-परती भूमि के सतत उपयोग के लिए वैज्ञानिक मार्गदर्शन प्रदान करना था।

कार्यक्रम का संयुक्त आयोजन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना और गया कृषि विज्ञान केंद्र ने किया। इस अवसर पर किसानों को धान की सीधी बुआई तकनीक (स्वर्ण श्रेया प्रजाति) से परिचित कराया गया।

पूर्व उप महानिदेशक (कृषि प्रसार), भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली डॉ. के. डी. कोकाटे ने सुझाव दिया कि कृषि विज्ञान केंद्र को स्थानीय रूप से उपयुक्त किस्मों का प्रदर्शन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जो किसान सरकारी योजनाओं के अंतर्गत बीज प्राप्त करते हैं, वे उन बीजों को अन्य किसानों के साथ साझा करें। स्वयं भी बीज उत्पादन की दिशा में कदम उठाएं।

पूर्व निदेशक (भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान, कानपुर) डॉ. मसूद अली ने धान-परती भूमि में दलहनी फसलों के चयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि दलहनी फसलें किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता में भी वृद्धि करती हैं।

अरहर की IPA 203 प्रजाति की विशेषता बताते हुए कहा कि यह उखठा रोग एवं मोज़ेक वायरस से सुरक्षित है तथा इसकी उपज लगभग 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर होती है। उन्होंने किसानों से इस प्रजाति को मेड़ पर लगाने का आग्रह किया।

साथ ही, उन्होंने धान कटाई के बाद शून्य जुताई विधि से मसूर की IPL 220 तथा तिलहनी फसल में कुसुम की बुआई करने और फूल आने की अवस्था में 2% यूरिया घोल का छिड़काव करने की सलाह दी।

निदेशक (भा.कृ.अनु.प. का पूर्वी अनुसंधान परिसर, पटना) और परियोजना प्रमुख डॉ. अनुप दास ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने जोर दिया कि धान-परती भूमि के प्रबंधन की शुरुआत धान की फसल लगाने से ही करनी होगी। इसके लिए अल्पकालिक प्रजाति धान की किस्मों का चयन आवश्यक है।

डॉ. एस कुमार ने धान-परती प्रबंधन के साथ-साथ फलदार वृक्षों और सब्जियों के समावेश पर जोर दिया। डॉ. एस.डी. सिंह ने समेकित कृषि प्रणाली के अंतर्गत पशुपालन एवं मत्स्य पालन को खेती में शामिल करने पर बल दिया।

डॉ. के.एन. तिवारी (प्रोफेसर, आईआईटी, खड़गपुर) ने सूक्ष्म सिंचाई प्रणालियों एवं संरक्षण खेती की आवश्यकता बताई। उन्होंने उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती को बढ़ावा देने की बात कही।

डॉ. अवनि कुमार सिंह (भा.कृ.अनु.प. का पूर्वी अनुसंधान परिसर – अनुसंधान केंद्र, रांची) ने किसानों को सुझाव दिया कि वे नियमित रूप से कृषि विज्ञान केन्द्रों के संपर्क में रहें, ताकि उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

कार्यक्रम में डॉ. कमल शर्मा, सदस्य सचिव, अनुसंधान परामर्शदात्री समिति एवं डॉ. गौस अली, वैज्ञानिक की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके सक्रिय सहयोग से आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।

कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद डॉ. अजय कुमार, प्रधान वैज्ञानिक द्वारा प्रस्तुत किया गया। उन्होंने सभी अतिथियों, वैज्ञानिकों, किसानों एवं आयोजकों को कार्यक्रम में भागीदारी के लिए आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में लगभग 55 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्‍य खबरें भी पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, X सहित अन्‍य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK