- देर रात सदर अस्पताल पहुंचे अपर समाहर्ता, व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश
गणपतलाल चौरसिया
गुमला। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश पर देर रात अपर समाहर्ता शशिंद्र कुमार बड़ाईक ने सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में अस्पताल की संपूर्ण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुधार के लिए महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मेडिसिन की उपलब्धता, ऑक्सीजन आपूर्ति एवं एसएनसीयू वार्ड में चिकित्सकीय सेवाओं की स्थिति की समीक्षा की। निर्माणाधीन एलएमओ प्लांट का भी निरीक्षण किया, जहां कार्य प्रगति ठप पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार से संपर्क स्थापित कर कार्य में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया गया।
लेबर रूम की छत से हो रहे जल रिसाव की जानकारी मिलने पर तत्काल मरम्मत के निर्देश दिए। बेड की उपलब्धता की स्थिति का भी जायजा लिया। इसके अतिरिक्त अस्पताल में तैनात 10 होमगार्ड की संख्या बढ़ाकर 20 किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने की बात कही गई।
अस्पताल में साइनेज बोर्ड अद्यतन करने की आवश्यकता को देखते हुए पुराने बोर्ड हटाकर नए साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेडिसिन रजिस्टर, नर्स रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई।
अस्पताल परिसर में पार्किंग की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए पुराने समाहरणालय भवन से सटी चाहरदीवारी को हटाकर नए पार्किंग स्थल विकसित करने का सुझाव दिया गया। इसके लिए उपायुक्त से आवश्यक निर्देश प्राप्त कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की बात कही गई।
इसके अलावा 108 एंबुलेंस एवं ममता वाहन सेवा के लिए रूट चार्ट तैयार करने और नागरिकों को इसकी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में अपर समाहर्ता ने राज्य सरकार की नवीन नीति की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई गर्भवती महिला निजी वाहन से अस्पताल आती है, तो उसे 700 की राशि अस्पताल द्वारा दी जाएगी। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में गर्भवती महिलाओं को निजी वाहन से भी शीघ्र अस्पताल लाएं, ताकि उन्हें समय पर चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के अंत में आउटसोर्सिंग स्टाफ की ड्यूटी के लिए रोस्टर तैयार करने एवं नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK