चाईबासा। छोटानागरा थाना अंतर्गत वनग्राम रतनामाटी के आसपास के जंगलों में नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से एक शक्तिशाली आईईडी लगाया था। उसे बरामद किया गया है। बुधवार को चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने यह सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार नक्सलियों ने लगभग 5 किलोग्राम का आईईडी जंगल में छिपाकर रखा था। सुरक्षा बलों ने सतर्कता बरतते हुए इसे समय रहते खोज निकाला। इसके बाद, बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आईईडी को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि इलाके में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर यह अभियान चलाया जा रहा है। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे। बरामद आईईडी को निष्क्रिय कर एक बड़ी घटना को टाल दिया गया है। फिलहाल, क्षेत्र में नक्सल विरोधी अभियान जारी है। सुरक्षा बल इलाके की गहन तलाशी कर रहे हैं।