चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त कुलदीप चौधरी और पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के नेतृत्व में बंदगांव प्रखंड के टोकदा गांव में अफीम की खेती के खिलाफ एक जागरुकता अभियान चलाया। इसमें ग्रामीणों को अफीम की खेती के स्थान पर पारंपरिक खेती-बाड़ी, बागवानी, पौधारोपण आदि के लिए प्रेरित किया गया। इसके साथ ही ग्रामीणों को गरमा धान बीज, फलदार पौधा व अन्य बीजों का वितरण भी किया गया।
अफीम की फसल को स्वेच्छा से नष्ट करने वाले ग्रामीणों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित भी किया गया। उपायुक्त के नेतृत्व में उपस्थित पदाधिकारी एवं अन्य ग्रामीणों के द्वारा अफीम की खेती न करने और इसको नष्ट करने में प्रशासन को सहयोग करने और स्थानिक ग्रामीणों को परंपरागत खेती की ओर प्रेरित करने का शपथ भी लिया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के उपरांत उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में बंदगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत टिमड़ा गांव और इसके आसपास के क्षेत्र में पुलिस बल व वनरक्षी आदि के द्वारा तकरीबन 20 एकड़ में लगे अफीम की खेती को पूर्णतः नष्ट किया गया।
उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध अफीम की खेती के विरुद्ध पूरे राज्य में अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में जिला अंतर्गत पिछले तीन माह से निरंतर अफीम की फसल को नष्ट करने का कार्य प्राथमिकता के तौर पर जारी है। इसके लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि, मानकी-मुंडा, ग्रामीण आदि के सहयोग से जिले के सुदूरवर्ती एवं दूरस्थ क्षेत्रों में टीम को भेजकर फसल नष्ट करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
उपायुक्त ने कहा कि आज बंदगांव के क्षेत्र में संचालित कार्यवाही के दौरान स्थानीय वन प्रमंडल पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी को भूमि की प्रकृति आदि ज्ञात करने के लिए संसूचित किया गया है। यदि अवैध अफीम की खेती की भूमि रैयत की पाई जाती है, तो संबंधित रैयत के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने के लिए भी निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती के विरुद्ध जिले में लगातार अभियान संचालित किए जाते रहेंगे। संलिप्त पाए जाने वाले लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अवैध अफीम की खेती विनष्टीकरण की कार्रवाई में अब तक जिले में तकरीबन 500 एकड़ भूमि में लगे फसल को पूरी तरह से नष्ट किया गया है। साथ ही इसमें संलिप्त 5 लोगों की गिरफ्तारी भी की गई है। कुल 16 एफआईआर भी दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं वन विभाग के सहयोग से ग्रामीणों को अवैध अफीम की खेती के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्यूब वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। साथ ही, सुविधा के मुताबिक अन्य खबरें भी पढ़ सकते हैं।
आप अपने न्यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स सहित अन्य सोशल मीडिया पर भी जुड़ सकते हैं। खबरें पढ़ सकते हैं। सीधे गूगल हिन्दी न्यूज पर जाकर खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।
हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/H5n5EBsvk6S4fpctWHfcLK