लॉस एंजेलिस में लगी आग के बाद हुई एक और त्रासदी, वायरल वीडियो का ये है सच

पोस्टमार्टम देश नई दिल्ली
Spread the love

नई दिल्ली (विश्वास न्यूज)। अमेरिका के लॉस एंजेलिस में लगी आग ने कई बड़े इलाकों को तबाह कर दिया है। हजारों लोगों के घर जलकर राख हो गए हैं। लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाना पड़ा। ऐसे में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक बहुमंजिला इमारत में हुए धमाके के बाद लोगों को भागते हुए देखा जा सकता है। कुछ यूजर्स इस वीडियो को शेयर कर इसे लॉस एंजेलिस में लगी आग के बाद हुई एक और त्रासदी बताकर शेयर कर रहे हैं।

विश्वास न्यूज ने पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो 11 सितंबर, 2001 को अमेरिका में हुए हमले का है। पुराने वीडियो को हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।

क्या है वायरल पोस्ट

फेसबुक यूजर king_off_bihar200k ने 18 जनवरी को वीडियो पोस्ट (आर्काइव लिंक) करते हुए लिखा, “अभी तो अमेरिका मे आग थंडी भी नहीं हुई उपर वाले का एक और कहर”

पड़ताल

वायरल वीडियो के कीफ्रेम निकालकर उन्हें गूगल लेंस की मदद से सर्च करने पर यह पूरा क्लिप Jareau Almeyda नाम के यूट्यूब चैनल पर 7 सितम्बर, 2015 को पब्लिश्ड मिला। यहां इसे 2001 में हुए 9/11 हमलों का बताया गया।

इसके बाद यह क्लिप दूसरे एंगल से न्यूज़ चैनल CBS 8 San Diego के वेरिफाइड यूट्यूब चैनल पर 2021 में अपलोड एक वीडियो में मिला, जो नेशनल जियोग्राफिक द्वारा बनाई गई एक डॉक्यूमेंट्री पर आधारित था। यह वीडियो 2001 में हुए 9/11 हमलों के बारे में था। इस वीडियो में 1 मिनट 11 सेकंड के बाद वायरल क्लिप देखी जा सकती है।

सीबीएस8 डॉट कॉम पर भी ये वीडियो अपलोड किया गया था। 

इसके बाद हमने कीवर्ड्स से ढूंढा कि क्या अमेरिका में कहीं ऐसा कोई हमला हाल में हुआ है? हमें ऐसी कोई प्रामाणिक रिपोर्ट नहीं मिली।

दैनिक जागरण में अंतरराष्ट्रीय मामलों को कवर करने वाले वरिष्ठ पत्रकार जेपी रंजन से भी संपर्क करने पर उन्होंने इस बात की पुष्टि की कि अमेरिका में हाल में ऐसा कोई हमला होने की कोई खबर नहीं आई है।

रिपोर्ट्स के अनुसार 11 सितंबर, 2001 को ट्विन टावर्स पर हुए हमलों में 2977 लोग मारे गए थे। इस मामले में ज़्यादा जानकारी यहां पढ़ी जा सकती है।

वीडियो को हालिया बताकर शेयर करने वाले यूजर की प्रोफाइल को हमने स्कैन किया। इंस्टाग्राम यूजर king_off_bihar200k के 183000 फ़ॉलोअर्स हैं।

निष्कर्ष: विश्वास न्यूज़ ने अपनी पड़ताल में पाया कि बहुमंजिला इमारत (वर्ल्ड ट्रेड सेंटर) के ढहने पर भगदड़ मचने का यह वीडियो 11 सितंबर 2001 को अमेरिका में हुए आतंकी हमले का है।

यह कहानी मूल रूप से [विश्वास न्यूज] द्वारा प्रकाशित की गई थी { https://www.vishvasnews.com/world/fact-check-the-video-of-the-september-11-2001-attack-in-america-is-being-shared-as-recent/} और इसे शक्ति कलेक्टिव के तहत [dainikbharat24.com] द्वारा पुनः प्रकाशित किया गया है।

यहां सीधे पढ़ें खबरें

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमसे इस लिंक से जुड़ें
https://chat.whatsapp.com/DHjL9aXkzslLcQKk1LMRL8