
- वृंदावन कॉलोनी, चिरौंदी, रांची स्थित प्रांतीय मुख्यालय, वनश्री भवन में होगा कार्यक्रम का आयोजन
रांची। वनवासी कल्याण केंद्र के तत्वावधान में जनजातीय गौरव दिवस 15 नवंबर को अपराह्न 3:00 से वृंदावन कॉलोनी, चिरौंदी, रांची स्थित प्रांतीय मुख्यालय, वनश्री भवन में मनाया जाएगा।
आदिवासियों के समृद्धशाली इतिहास को देखते हुए आजादी के अमृत काल में भारत सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा जयंती 15 नवंबर 2021 को ‘राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस’ की घोषणा करके देश के नागरिकों को यह बता दिया है कि देश की आजादी और विकास में जनजाति समाज के योगदान को भूलाया नहीं जा सकता।
भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन प्रेरणा पूर्ण है। देश, धर्म, संस्कृति की रक्षा एवं संवर्धन के प्रणेता भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को ‘राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस’ के रूप में मनाया जाना जनजाति अस्मिता के पुनर्जागरण का अभियान है।
जनजाति नायकों के योगदान को सम्मान देने और जनजाति गौरव की राष्ट्रीय चेतना विकसित करने के लिए संपूर्ण देश के साथ वनवासी कल्याण केंद्र द्वारा भी अपने सभी प्रकल्प स्थानों पर भगवान बिरसा मुंडा की जन्म जयंती के शुभ अवसर पर ‘राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस’ को हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। यह जानकारी वनवासी कल्याण केंद्र के प्रचार प्रमुख सुनील सिंह ने दी है।