झारखंड बीजेपी को लगा एक और झटका, अब इस दिग्गज नेता ने छोड़ी पार्टी

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा को एक और झटका लगा है। टिकट नहीं मिलने से नाराज पोटका से तीन बार की विधायक रहीं मेनका सरदार के बाद अब सरायकेला विधानसभा से बीजेपी के पूर्व प्रत्याशी सह एसटी मोर्चा के प्रदेश कोषाध्यक्ष गणेश महली ने अपना इस्तीफा दे दिया है।

जानकारी मिली है कि, अब वे सरायकेला से झामुमो के प्रत्याशी होंगे। पार्टी छोड़ने के बाद उन्होंने भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी पहले की तरह नहीं रही।  

इस्तीफा देने के बाद गणेश महली ने कहा कि बीजेपी अब पहले जैसी नहीं रही। मैं दुखी होकर त्याग पत्र दे रहा हूं। शनिवार को प्रत्याशियों की घोषणा होने के बाद से ही उन्होंने पार्टी छोड़ने का एलान कर दिया था।

उन्होंने चंपाई सोरेन पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा था कि वे दिल्ली जाकर उनकी राह में रोड़ा डालने का काम किया। हमें राजनीति से आउट करना चाहते थे। इसका परिणाम आने वाले दिनों में जरूर दिखेगा।

बता दें कि, इससे पहले शनिवार को पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने भी बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। साल 2019 के चुनाव में वे झामुमो के संजीव सरदार से चुनाव हार गयी थीं।

कुछ दिन पहले ही जमुआ से वर्तमान विधायक केदार हाजरा ने भी बीजेपी का दामन छोड़ झामुमो की सदस्यता ग्रहण कर ली थी। उनके साथ आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष उमकांत रजक ने भी झारखंड मुक्ति मोर्चा की सदस्यता ली थी।