Ranchi: हेमंत सरकार की मंईयां सम्मान यात्रा आज से, 25 हजार आमसभाएं, 7500 सभाएं और इतनी जगहों पर होंगे स्वागत समारोह

झारखंड
Spread the love

रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान से पहले मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे एक्शन में हैं। तबाड़तोड़ योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं। इसी कड़ी में 23 सितंबर से हेमंत सोरेन मंईयां सम्मान यात्रा शुरू करेंगे।

गढ़वा जिले के बंशीधर नगर से सम्मान यात्रा आरंभ होगी। पूरे राज्य में 25 हजार आमसभाएं, 7500 सभाएं व 1500 जगहों पर स्वागत समारोह होगा। पहले चरण में मंत्री बेबी देवी और विधायक कल्पना सोरेन के नेतृत्व में पलामू प्रमंडल के गढ़वा, मेदिनीनगर और लातेहार जिले से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इस अवसर पर स्थानीय मंत्री, विधायक व स्थानीय जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

23 सितंबर को दिन के 11.45 बजे बंशीधर नगर में आम सभा व रमना और मेराल में सभा होगी। गढ़वा में शाम 7.30 बजे रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया है। 24 सितंबर को गढ़वा, मझिआंव, हैदरनगर, हुसैनाबाद, छतरपुर, नावानगर व पाटन में सभा व स्वागत समारोह का आयोजन किया गया है। रात 7.45 बजे दलित छात्रावास में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया है।

25 सितंबर को मेदिनीनगर में दिन के 10.30 बजे आम सभा व प्रेस कांफ्रेंस का आयोजन किया गया है। फिर सतबरवा, बकोरिया, मनिका, लातेहार, चंदवा, बालूमाथ, हेरहंज व पांकी में आम सभा व सभा का आयोजन किया गया है। इसके बाद अन्य प्रमंडलों में भी इसी प्रकार कार्यक्रम होंगे। इसकी तिथि की घोषणा बाद में की जायेगी।

इधर, झामुमो के महासचिव विनोद पांडेय ने बताया कि पार्टी की ओर से सरकार के इस कार्यक्रम में झामुमो कार्यकर्ताओं को भी बढ़चढ़ कर हिस्सा लेने का निर्देश दिया गया है। कार्यकर्ता महिलाओं व युवतियों को योजना का फॉर्म भरने में मदद करेंगे, ताकि कोई योग्य लाभार्थी योजना से वंचित न रह जाये।

विनोद पांडेय ने बताया कि 23 सितंबर को दक्षिणी छोटानागपुर, 27 सितंबर को उत्तरी छोटानागपुर व 28 सितंबर को संताल परगना प्रमंडल के झामुमो जिला प्रतिनिधियों के साथ रांची के सोहराय भवन में समीक्षा बैठक होगी। प्रतिनिधियों को विधानसभा चुनाव व संगठन के संबंध में जानकारी दी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रमंडल की बैठक में सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हो सकते हैं।