काम करने कोडरमा गया था गोमिया का युवक, घर आई मौत की खबर

झारखंड
Spread the love

  • दो महीने पूर्व हुई थी शादी

प्रशांत अंबष्‍ठ

गोमिया (बोकारो)। गोमिया प्रखंड क्षेत्र की तुलबुल पंचायत अंतर्गत बिरसा गांव के नीच टोला निवासी विरसाही गोप का 23 वर्षीय पुत्र अनिल यादव पलायन की भेंट चढ़ गया। अनिल लगभग 15 दिनों पूर्व कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत झराही में बन रहे रेलवे पुल में सरिया-सेंट्रिंग मिस्त्री के रूप में कार्य करने गया था। वहां गिर जाने से उसकी मौत हो गई।

अनिल पर मेसर्स नर्सिंग कंस्ट्रक्शन के अधीन काम करता था। बीते 13 सितंबर को सुबह के करीब 9.30 बजे काम करने के दौरान लगभग 60-70 फीट की ऊंचाई से वह नीचे गिर गया। उसके गिरने की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे लोग उसकी ओर दौड़े। लोगों ने इसकी जानकारी कंस्‍ट्रक्शन कंपनी के उच्‍चधिकारी को दी। आरोप है कि इसके बाद भी अनिल यादव घायल अवस्था में लगभग दो घंटे तक वहीं पड़ा रहा।

कंपनी के लोगों के मामले पर गंभीरता नहीं दिखाने पर अन्य व्यक्तियों घायल अनिल यादव को अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसके साथियों ने बताया कि 14 सितंबर को कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा मृतक के परिजनों से मिलकर वार्ता की गई। मुआवजा देने का आश्वासन दिया गया है।

साथियों ने बताया कि जब वे लोग अपनी गाड़ी से अस्पताल से वापस लौट रहे थे, तब बेंदी ओपी पुलिस ने उन्हें रोक लिया गया। लगभग पांच घंटें पूछताछ करने के बाद छोड़ा। रविवार की सुबह कोडरमा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव को घर लाया गया है।

बताया जाता है कि अनिल यादव की शादी दो महीने पूर्व 10 जुलाई को हुई थी। शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गया। पूरा गांव शोकाकुल हो गया।

गोमिया के विधायक डॉ लम्बोदर महतो ने इस मामले में सरकार को आड़े हाथों लिया। कहा कि वर्तमान सरकार के निकम्मेपन के कारण राज्य के युवा पलायन की भेंट चढ़ रहे हैं। सरकार बेरोजगारों को रोजगार देने का वादा तो करती है, लेकिन उसकी कथनी और करनी में बहुत बड़ा फर्क है। विधायक ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ है। सरकारी मुआवजा के अलावा पीड़ित परिवार को अम्बेडकर आवास, पेंशन आदि दिलाने का प्रयास करेंगे।

खबरें और भी हैं। इसे आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल dainikbharat24.com पर सीधे भी जाकर पढ़ सकते हैं। नोटिफिकेशन को अलाउ कर खबरों से अपडेट रह सकते हैं। सुविधा के अनुसार अन्‍य खबरें पढ़ सकते हैं।

आप अपने न्‍यूज वेब पोर्टल से फेसबुक, इंस्‍टाग्राम, x सहित अन्‍य सोशल मीडिया के साथ-साथ सीधे गूगल हिन्‍दी न्‍यूज पर भी जुड़ सकते हैं। यहां भी खबरें पढ़ सकते हैं। अपने सुझाव या खबरें हमें dainikbharat24@gmail.com पर भेजें।

हमारे साथ इस लिंक से जुड़े
https://chat.whatsapp.com/KFx4zY9YysxKWCO5Z8HWlj