Big News: चंपाई सोरेन बीजेपी में होंगे शामिल, तारीख आई सामने

झारखंड
Spread the love

नई दिल्ली। इस समय बड़ी खबर आई है, विधानसभा चुनाव से पहले झामुमो को बड़ा झटका लगने जा रहा है। कोल्हान टाइगर के नाम से चर्चित झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन 30 अगस्त को बीजेपी में शामिल होंगे।

चंपाई एक बार फिर दिल्ली दौरे पर हैं। चंपाई सोरेन ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद अगले राजनीतिक कदम पर निर्णायक फैसला ले लिया। चंपाई सोरेन के साथ असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा ने भी अमित शाह से मुलाकात की।

बाद में हिमंता बिस्वा सरमा ने बताया कि चंपाई सोरेन 30 अगस्त को रांची में औपचारिक रूप से बीजेपी में शामिल होंगे। इससे पहले हिमंता बिस्वा सरमा ने रांची से दिल्ली जाने के दौरान स्वीकार किया कि उनकी चंपाई सोरेन से पांच-छह महीनों से बातचीत हो रही है। अब चंपाई सोरेन ने जेएमएम छोड़ने का फैसला ले लिया है।

चंपाई सोरेन लौटने के बाद करेंगे शक्ति प्रदर्शन

इससे पहले एक सप्ताह के अंदर दूसरी बार दिल्ली पहुंचे चंपाई सोरेन ने साफ कहा था कि दो दिवसीय दौरे पर राष्ट्रीय राजधानी आए हैं। राजनीतिक चर्चाओं के बीच चंपाई सोरेन दिल्ली स्थित झारखंड भवन की जगह ताज होटल में ठहरे थे, जहां बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं से उनकी मुलाकात हुई। अब बीजेपी में शामिल होने का फैसला लेने के बाद उनके मंगलवार या बुधवार को झारखंड वापस लौटने की संभावना है। इन सबके बीच असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा का भी झारखंड दौरा भी 29 और 30 अगस्त को एक बार फिर होने वाला है।

जाने अमित शाह से क्या भरोसा चाहते हैं चंपाई

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन बीजेपी में शामिल होने के पहले कई आश्वासन चाहते थे। चंपाई सोरेन अमित शाह और बीजेपी से यह भरोसा चाहते हैं, अब आगामी विधानसभा चुनाव के बाद यदि राज्य में बीजेपी की सरकार बने, तो उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी मिलनी चाहिए। इसके अलावा वे अपने बेटों को भी बीजेपी की मदद से राजनीति में स्थापित करना चाहते हैं।

मंत्रिमंडल व जेएमएम की सदस्यता से देंगे त्यागपत्र

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दिल्ली में बीजेपी नेताओं से बातचीत कर झारखंड लौटने के बाद चंपाई सोरेन हेमंत सोरेन मंत्रिमंडल और झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्राथमिक सदस्यता समेत सभी पदों से त्यागपत्र देंगे। चंपाई सोरेन एक बड़ी रैली कर भाजपा में शामिल होंगे।

30 को चंपाई के साथ कई नेता भी होंगे शामिल!

पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के फैसले के बाद अब ऐसी भी चर्चा है कि 30 अगस्त को सीएम चंपाई सोरेन के साथ-साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई वरिष्ठ नेता भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकते हैं।