हजारीबाग। बड़ी खबर हजारीबाग जिले के बड़कागांव से आ रही है, जहां नयाटांड़ में 17 जुलाई को दोपहर 1:00 मुहर्रम के जुलूस के दौरान दो समुदाय आपस में भीड़ गए। इसी बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई।
वहीं दूसरे के घरों में घुसकर मारपीट करने का भी मामला प्रकाश में आया है। घटना के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए। इस बीच दोनों ओर से हो रही पत्थरबाजी में कुछ ग्रामीणों के अलावा दो से तीन पुलिस कर्मी के भी घायल होने की खबर है।
घटना को लेकर उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी अरविंद कुमार सिंह, एसडीओ शैलेश कुमार समेत वरीय पुलिस पदाधिकारी प्रशासन की टीम कैंप कर रही है, ताकि क्षेत्र में शांति बनी रहे। पुलिस घटना में शामिल शरारती तत्वों को चिन्हित कर रही है।
इधर, घटना के बाद मौके पर हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल पहुंचे। बड़कागांव के सोनपुरा गांव का दौरा कर स्थिति से अवगत हुए। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन के द्वारा की गई कार्रवाई बताई। लोगों ने पुलिस के द्वारा आंसू गैस छोड़ने से लेकर लाठी चार्ज करने तथा लोगों को चोट लगने की बातों को विस्तार रूप से सांसद को जानकारी दी।
इस दौरान घायल भोला दांगी ने सांसद के समक्ष आपबीती बताई और पुलिस द्वारा पिटाई करने का आरोप लगाया। सांसद ने लोगों से अफवाह पर ध्यान नहीं देने एवं क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है।
बड़कागांव थाना में गैर कानूनी तरीके से धरना प्रदर्शन करने को लेकर कांड संख्या 193 /24 दर्ज किया गया है। इसमें 16 नामजद एवं 150 से लेकर 200 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है। वहीं विश्रामपुर में पैकवाहों के साथ मारपीट करने मामले को लेकर कांड संख्या 191/ 24 दर्ज किया गया है। इसमें एक नामजद और 20 से 25 अज्ञात को आरोपी बनाया गया है।
पत्थरबाजी में तीन पुलिसकर्मी समेत दर्जनों ग्रामीण घायल हो गए तथा कई गाड़ियों को क्षतिग्रस्त किया गया। जिसमें मुख्य रूप से इंस्पेक्टर छोटू राम पिता जातरू राम, सुधीर कुमार पिता रामानंद साव, सिपाही शिवम कुमार पांडेय पिता मनोज पांडेय शामिल हैं। घायल सभी को हजारीबाग रेफर कर दिया गया है। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों द्वारा कई वाहनों में तोड़फोड़ की गई। जिसमें से बड़कागांव उप प्रमुख वचन देव कुमार की स्कॉर्पियो एवं एक ओमनी शामिल है।