Jharkhand: गैंगस्टर अमन साहू का शूटर गुमला से गिरफ्तार, जानें कहां हो रही थी पूछताछ

Uncategorized अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। रांची पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, गैंगस्टर अमन साहू गिरोह के शूटर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रांची पुलिस की एक टीम ने शूटर को झारखंड के गुमला जिले से गिरफ्तार किया है। उसे दुनदुरिया बैंक कॉलोनी से गिरफ्तार किया गया है।

अमन साहू गिरोह के शूटर को गुरुवार की देर रात गुमला से गिरफ्तार किया गया। उसे गिरफ्तार करने के लिए रांची से पुलिस की एक टीम वहां गई थी। रांची पुलिस को पता चला था कि शूटर शादी समारोह में शामिल होने के लिए गुमला जा रहा है। इसी दौरान टीम उसका पीछा करते हुए गुमला पहुंची।

गुमला पहुंचने के बाद रांची पुलिस ने गुमला जिले की पुलिस की मदद से दुनदुरिया बैंक कॉलोनी से शूटर को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने कहा है कि गिरफ्तारी के बाद शूटर को रांची पुलिस अपने साथ राजधानी ले गई। हालांकि, सूत्र बता रहे हैं कि रांची पुलिस गुमला में ही किसी अज्ञात जगह पर शूटर से पूछताछ कर रही है।

सूत्र यह भी बता रहे हैं कि गिरफ्तार शूटर से पूछताछ के आधार पर गुमला में कई और जगहों पर रांची पुलिस की टीम छापेमारी कर सकती है। शूटर के नाम का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

गुमला के एसडीपीओ ने कहा है कि रांची पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार किया है। इसलिए वह इस संबंध में कुछ नहीं कह सकते। कल यानी शुक्रवार को शूटर के बारे में विस्तृत जानकारी मिल पाएगी।