Bihar: राजद के पूर्व मंत्री छेदीलाल राम समेत 5 गिरफ्तार, मचा हड़कंप

बिहार अपराध देश
Spread the love

पटना। बिहार के बक्सर जिले से बड़ी खबर आई है, राजपुर थाना क्षेत्र की देवढिया पंचायत के सैंथू बसंतपुर मौजा के पास से पुलिस ने पूर्व मंत्री छेदीलाल राम और देवढिया पंचायत के पूर्व मुखिया पति संजय राम समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

इनके पास से दो लाइसेंसी हथियार, 57 जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा और एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। यह लाइसेंसी हथियार पूर्व मंत्री छेदीलाल राम के नाम पर है। पूर्व मंत्री छेदी राम पर विवादित जमीन पर कब्जा करने का आरोप है।

बताया जा रहा है कि, सैंथू गांव निवासी गणेश चौबे और अंबुज उर्फ ​​हजारी चौबे के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। इस विवादित जमीन पर खेती करने को लेकर लोग पंचायती करने के लिए जुटे थे। जहां दोनों पक्षों की ओर से काफी देर तक बहस होती रही। इसी बीच किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसे देखकर वहां मौजूद सभी लोग भागने लगे। फिर पुलिस ने खदेड़कर इन सभी लोगों को हिरासत में ले लिया। इस मामले में एसडीपीओ धीरज कुमार ने इन लोगों से घंटों पूछताछ की।

इसके बाद कानूनी कार्रवाई करते हुए इन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थाना अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि विवादित जमीन को लेकर जमावड़ा किया गया था। जिसकी सूचना मिलते ही यह कार्रवाई की गई है।

इनकी गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है। राजनीतिक गलियारों में भी इसकी सरगर्मी बढ़ गई है। इस संबंध में राजद प्रवक्ता चित्तरंजन गगन ने स्पष्ट किया है कि बक्सर में गिरफ्तार पूर्व मंत्री छेदी राम का राजद से कोई वास्ता नहीं है। उन्हें पिछले विधानसभा चुनाव के समय हीं पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। अभी वे राजद के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं।