Ranchi: पंडरा में दिनदहाड़े 70 लाख रुपये के गहनों की लूट, जानें 10 मिनट में 3 हथियारबंद लुटेरों ने कैसे दिया घटना को अंजाम

अपराध झारखंड
Spread the love

रांची। बड़ी खबर आई है, राज्य में गिरती कानून व्यवस्था से बदमाशों के हौसले बुलंद हो गए हैं। ताजा मामला पंडरा का है। झारखंड की राजधानी रांची में दिनदहाड़े 70 लाख रुपये के गहनों की लूट हुई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

एक बाइक पर 3 हथियारबंद लुटेरे आये और ज्वेलरी शॉप में लूटपाट की। जिस वक्त लूटपाट हुई, दुकान में उसका मालिक मौजूद नहीं था। सूचना मिलने के बाद वरीय पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और मामले की जांच की। फॉरेंसिक साइंस की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जांच की।

बताया जा रहा है कि एक बाइक पर 3 अपराधी आए थे। तीनों हथियार से लैस थे। सभी की उम्र 20 से 25 वर्ष बताई जा रही है। बाइक पर सवार होकर 3 युवक राजधानी रांची के पंडरा ओपी क्षेत्र में स्थित दुकान के बाहर उतरे। इनमें से एक दुकान के बाहर खड़ा रहा।

उसके दो साथी दुकान के अंदर दाखिल हुए। जब तक दोनों अंदर से गहने लूटकर बाहर नहीं आ गए, तब तक वह बाहर में पहरेदारी करता रहा। ज्वेलरी लूटने के बाद तीनों उसी बाइक से कटहल मोड़ की ओर फरार हो गए।

दुकान के मालिक की मां आशा देवी ने बताया कि दुकान में आने के बाद उन लोगों ने ब्रेसलेट दिखाने को कहा। ब्रेसलेट की कीमत पूछी। फिर अंगूठी दिखाने के लिए कहा। इसके बाद कहा कि हल्की अंगूठी दिखाओ। हल्की अंगूठी दिखाई, तो उसकी कीमत पूछी। कहा कि अंगूठी पसंद है, दे दो।

दोनों युवकों ने अंगूठी की कीमत में कुछ कमी करने के लिए भी कहा। दुकान के स्टाफ ने 500 रुपये की कमी कर दी। इसके बाद वह बिल बनाने लगा। इसी दौरान युवकों ने छोटी बंदूक निकाल ली। स्टाफ से कहा कि नीचे बैठ जाओ। इसके बाद महज 10 मिनट के अंदर दोनों लुटेरों ने दुकान में मौजूद गहने समेटे और वहां से चलते बने।

दुकान के कर्मचारी संजीव कुमार ने बताया कि सभी लुटेरों की उम्र 20 से 30 साल के बीच थी। ये लोग पंडरा की ओर से आए थे और कटहल मोड़ की ओर भाग गए।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि अपराधियों का सुराग मिला है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही कहा कि यह भी सर्वे किया जाएगा कि कितने ज्वेलरी शॉप हैं, जहां गार्ड नहीं हैं। सीसीटीवी कैमरे सही से नहीं लगे हैं। साथ ही कहा कि करीब 40 लाख रुपए की लूट हुई है, ऐसा अनुमान है। अभी इसका असेसमेंट किया जाएगा।

दुकान के मालिक ने मीडिया को बताया कि करीब 70 लाख रुपए के गहनों की लूट हुई है। उन्होंने कहा कि जिस वक्त दुकान में लूटपाट हुई, वह काम से अपर बाजार गये हुये थे। दुकान में उनकी मां और एक कर्मचारी थे। कर्मचारी को जमीन पर बैठने के लिए कहा और उसके बाद अपने हाथों से गहने निकाले और फरार हो गये।