जमशेदपुर। कोरोना काल में ऑक्सीजन सिलेंडर और एंबुलेंस की कमी लोगों को खल रही है। इसके लिए सांसद विद्युत वरण महतो आगे आये। उन्होंने सांसद निधि से करीब 65 लाख रुपये का आठ एंबुलेंस जिला प्रशासन को सौंपा। सभी एंबुलेंस अत्याधुनिक सेवाओं से लैस हैं। इसमें ऑक्सीजन सिलेंडर की भी व्यवस्था है।
सांसद और पूर्वी सिंहभूम उपायुक्त सूरज कुमार ने सोमवार को संयुक्त रूप से इन एंबुलेंसों का उपायुक्त कार्यालय परिसर में लोकार्पण किया। कोरोना महामारी के इस दौर में सांसद ने विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र की जनता को ध्यान में रखते हुए सांसद निधि से एंबुलेंस प्रदान करने का निर्णय लिया था। उसी के अनुरूप आठ एंबुलेंस लिए गए। ये एंबुलेंस सभी प्रकार की सुविधाओं से युक्त हैं। इसमें ऑक्सीजन सिलेंडर की भी व्यवस्था है। एक एंबुलेंस की लागत लगभग 8.20 लाख रुपये हैं।
सांसद और उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर इन सभी एंबुलेंस वाहनों को रवाना किया। एंबुलेंस की रवानगी के बाद सांसद ने कहा कि बड़ी संख्या में ग्रामवासियों द्वारा इस संबंध में मांग की जा रही थी। उसी के अनुरूप उन्होंने जनहित में यह निर्णय लिया है। लोकार्पित किए गए एंबुलेंस में से बहरागोड़ा को 2, चाकुलिया-धालभूमगढ़ को 1, गुड़ाबांधा-डुमरिया को 1,मुसाबनी-घाटशिला को 1, पटमदा-बोड़ाम को 1, पोटका को 1, जेएनएसी को 1 को दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में वे 8 और एंबुलेंस की अनुशंसा करेंगे, जिन्हें शहरी क्षेत्रों में लगाया जाएगा।
सांसद ने यह भी कहा कि दो एंबुलेंस इस प्रकार के होंगे, जो शव वाहन के रूप में काम करेंगे। इसमें एक जमशेदपुर और दूसरा घाटशिला को दिया जाएगा। सांसद ने इस अवसर पर लोगों से अपील की कि कोरोना को हराने में सबके सहयोग की जरूरत है। इसलिए सभी सरकार की गाइडलाइन का अवश्य पालन करें। बिना मास्क के घर से नहीं निकले। सामाजिक दूरी का पालन करें। लोकार्पण के इस अवसर पर जिला अध्यक्ष गुंजन यादव, संजीव कुमार, संजीव कुमार सिन्हा, पप्पू सिंह, बलबीर मंडल, जसवंत महतो, अशोक सिंह सहित जिला प्रशासन के पदाधिकारी उपस्थित थे।