
नई दिल्ली। बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर इंडिया गठबंधन के नेताओं की बड़ी बैठक हुई। मौके पर मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया गठबंधन की तरफ से नीतीश-नायडू समेत अन्य दलों को खुला आमंत्रण दिया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संदेश में कहा कि मैं इंडिया गठबंधन के सभी साथियों का स्वागत करता हूं। हम एक साथ लड़े, तालमेल से लड़े और पूरी ताक़त से लड़े। आप सभी को बधाई देता हूं।
उन्होंने आगे कहा कि 18वीं लोक सभा चुनाव का जनमत सीधे तौर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ है। ऐसे में चुनाव उनके नाम और चेहरे पर लड़ा गया था और जनता ने बीजेपी को बहुमत ना देकर उनके नेतृत्व के प्रति साफ संदेश दिया है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने आगे कहा कि व्यक्तिगत रूप से ये लोकसभा चुनाव पीएम नरेंद्र मोदी के लिये यह ना सिर्फ़ राजनैतिक शिकस्त है, बल्कि नैतिक हार भी है। लेकिन हम सब उनकी आदतों से वाकिफ हैं। वो इस जनमत को नकारने की हर संभव कोशिश करेंगे।
खरगे ने कहा कि हम यहां से यह भी संदेश देते हैं कि इंडिया गठबंधन उन सभी राजनीतिक दलों का स्वागत करता है, जो भारत के संविधान के प्रस्तावना में अटूट विश्वास रखते हैं और इसके आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक न्याय के उद्देश्यों से प्रतिबद्ध है।
बता दें कि, इस चुनाव में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। उसे 240 सीटों पर जीत की कामयाबी मिली है। जबकि, हाशिये में पड़ी कांग्रेस 99 सीटों पर सिमट गई। यानी शतक से सिर्फ 1 सीट चूक गई। फिलहाल, दोनों ही पार्टियां बहुमत के आंकड़े (272) से दूर हैं। हालांकि, बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए को 292 सीटें मिली हैं। वहीं, इंडिया अलायंस को 233 सीटें मिली हैं।